मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ‘रन फॉर यूनिटी’ को दिखाएंगे हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ‘रन फॉर यूनिटी’ को दिखाएंगे हरी झंडी


जयपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर 31 अक्टूबर को जयपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित दौड़ को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित अन्य अतिथि सुबह 7:30 बजे अमर जवान ज्योति से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

आयोजन की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव, युवा मामले एवं खेल विभाग तथा राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जयपुर कलक्टर संदेश नायक, एडीएम राजेन्द्र सिंह सिसोदिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के सचिव राजकेश मीणा ने बताया कि दौड़ में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आमजन से अपील की गई है। इसमें अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, विभिन्न धावक क्लबों के सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।

उन्होंने बताया कि दौड़ अमर जवान ज्योति से शुरू होकर विधानसभा, नगर निगम, अर्जुन गेट, रामबाग सर्किल और अंबेडकर सर्किल होते हुए वापस अमर जवान ज्योति पर संपन्न होगी। इस दौरान राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ का वाचन भी किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश के एकीकरण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769638 Articles

Share this story