जयपुर की रेवियोलैब्स ने लॉन्च किया एआई आधारित स्कूल प्लेटफॉर्म ‘SKOOLR V2’

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर की रेवियोलैब्स ने लॉन्च किया एआई आधारित स्कूल प्लेटफॉर्म ‘SKOOLR V2’


जयपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर स्थित प्रौद्योगिकी कंपनी रेवियोलैब्स टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड ने रविवार को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित स्कूल प्लेटफॉर्म ‘SKOOLR V2’ लॉन्च किया। कंपनी के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुष्पक कुमावत के नेतृत्व में विकसित इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य स्कूलों की प्रशासनिक और शैक्षणिक गतिविधियों को एकीकृत डिजिटल व्यवस्था से जोड़ना है।

कंपनी के अनुसार नए संस्करण में प्रवेश प्रक्रिया, विद्यार्थियों के रिकॉर्ड, फीस संग्रह, उपस्थिति, परीक्षा एवं परिणाम, अभिभावकों से संवाद और कर्मचारियों के प्रबंधन जैसी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। कंपनी का दावा है कि जयपुर के कई स्कूल पहले से ही SKOOLR का उपयोग कर रहे हैं।

SKOOLR V2 में एआई और स्वचालन तकनीक का उपयोग कर शिक्षकों के प्रशासनिक कामकाज को आसान बनाने पर जोर दिया गया है। उपस्थिति दर्ज करने, रिकॉर्ड तैयार करने और रिपोर्ट बनाने जैसी प्रक्रियाओं को सरल करने का प्रयास किया गया है, ताकि शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाने और उनकी व्यक्तिगत शैक्षणिक जरूरतों पर अधिक समय दे सकें।

प्लेटफॉर्म में विद्यार्थियों के प्रदर्शन का विश्लेषण और रियल टाइम रिपोर्टिंग की सुविधा भी शामिल है। कंपनी के मुताबिक इससे स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों की प्रगति समझने और बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलेगी।

कंपनी ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म माइक्रोसॉफ्ट एज्योर क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर पर संचालित है और वेब तथा मोबाइल दोनों माध्यमों से इस्तेमाल किया जा सकता है। स्कूल संचालक, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक अपनी जरूरत के अनुसार इसकी सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे। नई प्रणाली अपनाने वाले स्कूलों को डेटा स्थानांतरण, डिजिटल शुरुआत और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

लॉन्च के अवसर पर कंपनी के संस्थापक एवं सीईओ पुष्पक कुमावत ने कहा कि शिक्षक का सबसे महत्वपूर्ण काम बच्चों को बेहतर शिक्षा देना और उनकी प्रतिभा निखारना है न कि अधिकांश समय प्रशासनिक औपचारिकताओं में लगाना। उन्होंने कहा कि SKOOLR V2 के जरिए शिक्षकों का समय बचाने और उन्हें विद्यार्थियों पर अधिक ध्यान देने का अवसर देने का प्रयास किया गया है। एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं बल्कि उनकी क्षमता और कार्यकुशलता बढ़ाने का माध्यम है। कंपनी का लक्ष्य जयपुर में विकसित इस तकनीक को देशभर के स्कूलों तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story