विशेष सड़क सुरक्षा अभियान: एक दिन में 10 हजार 344 वाहनों के चालान
जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर रेंज के जिलों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश के निर्देशन में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। दो दिन तक संचालित इस अभियान के दौरान रेंज के विभिन्न जिलों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 10 हजार 344 वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। आईजी राहुल प्रकाश ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए थे।
अभियान के दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 4 हजार 543 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। साथ ही चार पहिया वाहनों में सीटबेल्ट नहीं लगाने पर 1 हजार 791 चालान काटे गए। दुपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने पर 972 और तेज गति से वाहन चलाने पर 1 हजार 183 चालान किए गए। इसके अतिरिक्त गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 735 और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वाले 179 लोगों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए गए।
सड़क सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा माने जाने वाले शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने 185 एमवी एक्ट के तहत कुल 169 कार्रवाइयां कीं। ओवरलोडिंग के विरुद्ध 87, वाहनों पर अनाधिकृत ब्लैक फिल्म लगाने पर 410 और बिना नंबर या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले 213 वाहनों के चालान किए गए। विशेष रूप से थार, स्कॉर्पियो और बोलेरो कैंपर जैसे कुल 2 हजार 130 संदिग्ध वाहनों की गहनता से चेकिंग की गई। इनमें से नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 135 वाहनों का चालान किया गया और 06 वाहनों को मौके पर ही जब्त किया गया।
आईजी राहुल प्रकाश के बताया कि जयपुर रेंज पुलिस द्वारा की गई इस व्यापक कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करना और भविष्य में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

