युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जयपुर पुलिस की नई मुहिम
जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर पुलिस द्वारा युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान “बिगुल: नो टू ड्रग्स – वेक अप जयपुर” चलाया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी, विक्रय और सेवन पर रोक के लिए कानून तो मौजूद हैं, लेकिन युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त युवा ही परिवार, समाज और राष्ट्र की उन्नति का आधार हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान को जनसहभागिता से सफल बनाया जाएगा। इसमें पुलिस, शिक्षक, स्वयंसेवी संगठन, विद्यालय प्रबंधन और समाज के जागरूक नागरिक मिलकर स्कूलों और कॉलेजों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाएंगे। अभियान के तहत रैली, नुक्कड़ नाटक, शपथ कार्यक्रम, निबंध, पोस्टर, चित्रकला और फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही विद्यार्थियों की काउंसलिंग, नशा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक और अभिभावकों-शिक्षकों की सहभागिता बढ़ाने जैसे कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस के अनुसार शहरीकरण, एकल परिवार और अभिभावकों की व्यस्तता के कारण युवाओं में बढ़ते अकेलेपन से वे गलत संगति में पड़कर नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में समय रहते जागरूकता बेहद जरूरी है। अभियान मई माह में शैक्षणिक संस्थान शुरू होने के साथ प्रारंभ होगा। प्रथम चरण 10 मई से 25 मई तक चलेगा, जिसकी रिपोर्ट 26 मई तक पुलिस कमिश्नर कार्यालय को भेजी जाएगी। इसके बाद यह अभियान हर माह 1 से 15 तारीख तक संचालित किया जाएगा और 16 तारीख तक रिपोर्ट कंट्रोल रूम के माध्यम से भेजना सुनिश्चित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

