जयपुर में विशेष नाकाबंदी, 4,887 वाहनों की जांच, 1,329 पर कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में विशेष नाकाबंदी, 4,887 वाहनों की जांच, 1,329 पर कार्रवाई


जयपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। प्रदेशभर में चल रहे विशेष नाकाबंदी अभियान के तहत जयपुर पुलिस ने कमिश्नरेट के चारों जिलों में ए श्रेणी की नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन और विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के सुपरविजन में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 4,887 वाहनों की जांच की गई और 1,329 एमवी एक्ट की कार्रवाई की गई।

विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि जांच में 2,859 दोपहिया और 2,028 चारपहिया वाहन शामिल रहे। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 85 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट 787, बिना सीट बेल्ट 105 और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 19 चालकों पर कार्रवाई हुई। निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं होने पर 34 तथा काली फिल्म लगे 17 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 282 वाहनों पर कार्रवाई की गई।

नाकाबंदी के दौरान आबकारी अधिनियम के चार और अन्य आठ प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं 170 बीएनएस में 18 गिरफ्तारियां की गईं। पुलिस ने 231 देशी शराब के पव्वे भी जब्त किए। इसके अलावा 4/6 आरएनसी एक्ट के तहत सात कार्रवाई की गई।

जयपुर पूर्व में 19 नाकाबंदी पॉइंट पर 1,074 दोपहिया और 625 चारपहिया सहित 1,699 वाहनों की जांच की गई। 669 एमवी एक्ट कार्रवाई हुई।

जयपुर पश्चिम में 19 पॉइंट पर 720 दोपहिया और 618 चारपहिया सहित 1,338 वाहनों की जांच कर 295 एमवी एक्ट कार्रवाई की गई।

जयपुर उत्तर में 14 पॉइंट पर 520 दोपहिया और 398 चारपहिया सहित 918 वाहनों की जांच की गई और 171 एमवी एक्ट कार्रवाई हुई।

जयपुर दक्षिण में 15 पॉइंट पर 545 दोपहिया और 387 चारपहिया सहित 932 वाहनों की जांच कर 194 एमवी एक्ट कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और यातायात अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए विशेष नाकाबंदी और सघन वाहन जांच आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story