पिंकसिटी में पर्यटकों के लिए डिजिटल सुरक्षा कवच, जयपुर पुलिस लॉन्च करेगी पिंक गार्ड ऐप

WhatsApp Channel Join Now
पिंकसिटी में पर्यटकों के लिए डिजिटल सुरक्षा कवच, जयपुर पुलिस लॉन्च करेगी पिंक गार्ड ऐप


जयपुर, 15 मई (हि.स.)। देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर विशेष पहचान रखने वाली गुलाबी नगरी अब पर्यटकों के लिए और भी सुरक्षित और सुगम होने जा रही है। जयपुर पुलिस ने 'पर्यटक प्रथम' की अवधारणा को साकार करने के लिए एक अभिनव डिजिटल पहल शुरू की है। इसके तहत पिंक गार्ड मोबाइल ऐप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर आधारित भीड़ सुरक्षा प्रणाली विकसित की जा रही है।

जयपुर में हर साल लगभग 1.73 करोड़ घरेलू और 6.30 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक आते हैं। विशेषकर अक्टूबर से मार्च के पीक सीजन में पर्यटकों की भारी आवक को देखते हुए जयपुर पुलिस ने तकनीक के माध्यम से उनकी यात्रा को यादगार और सुरक्षित बनाने का निर्णय लिया है।

जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि पिंक गार्ड ऐप विशेष रूप से पर्यटकों की सहायता के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिसकी मुख्य विशेषताएँ है कि पर्यटकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए ऐप पर पुलिस द्वारा सत्यापित टूरिस्ट गाइड्स का नाम, भाषा और रेटिंग उपलब्ध होगी। हर पर्यटन स्थल के पास स्थित पुलिस स्टेशन और अस्पतालों की लोकेशन, मैप और कांटेक्ट नंबर एक क्लिक पर मिलेंगे। विदेशी पर्यटकों की सुविधा के लिए यह बहुभाषी होगा और प्रमुख स्थलों के लिए स्मार्ट नेविगेशन प्रदान करेगा। पर्यटक ऐप के जरिए गाइड की रेटिंग कर सकेंगे और किसी भी परेशानी की स्थिति में सीधी शिकायत दर्ज कर सकेंगे, जिसकी निगरानी उच्चाधिकारी करेंगे। इस ऐप को बिना लॉगिन किए मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट पर तुरंत इस्तेमाल किया जा सकेगा।

कमिश्नर ने बताया कि त्योहारों और बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए जयपुर पुलिस भीड़ का दबाव सिस्टम लागू कर रही है। यह सिस्टम सीसीटीवी नेटवर्क से जुड़ा होगा और एआई के जरिए रियल-टाइम विश्लेषण करेगा। यह तकनीक संभावित भीड़भाड़ या भगदड़ जैसी स्थितियों का पहले ही आकलन कर लेगी। भीड़ का घनत्व बढ़ने पर संबंधित अधिकारियों के पास स्वचालित अलर्ट पहुँच जाएगा। इस प्रणाली को सबसे पहले आमेर किला क्षेत्र में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने के लिए जेडीए के साथ समन्वय किया जा रहा है। जयपुर पुलिस की यह पहल न केवल अपराधों पर अंकुश लगाएगी, बल्कि तकनीक के समावेश से जयपुर को एक 'स्मार्ट और पर्यटक अनुकूल' शहर के रूप में वैश्विक स्तर पर नई मजबूती देगी। आमेर में सफलता के बाद इस सिस्टम को शहर के अन्य प्रमुख स्मारकों जैसे हवामहल और जंतर-मंतर पर भी लागू किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story