जयपुर पुलिस की पहल: भट्टा बस्ती से शास्त्री नगर तक निकाली नशा मुक्ति रैली

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर पुलिस की पहल: भट्टा बस्ती से शास्त्री नगर तक निकाली नशा मुक्ति रैली


जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत उत्तर जिले में जन जागरण रैली निकाली गई। रैली भट्टा बस्ती से शुरू होकर विभिन्न कॉलोनियों और कच्ची बस्तियों से होते हुए शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित चंद्रशेखर की बगीची पहुंची। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर-द्वितीय) बजरंग सिंह के निर्देशन में आयोजित रैली में सहायक पुलिस आयुक्त (शास्त्रीनगर) दिलीप कुमार, भट्टाबस्ती थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार, विद्याधर नगर थानाधिकारी सज्जन कुमार और शास्त्रीनगर थानाधिकारी दिलीप सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल हुए।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि रैली में स्थानीय पार्षदों, सुरक्षा सखियों, पुलिस मित्रों, सीएलजी सदस्यों और बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। चंद्रशेखर की बगीची में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ‘होनहार संस्था’ के कलाकारों ने नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह ने युवाओं और आमजन से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। इस कार्यक्रम के अंत में ‘नशे को कहें ना, जिंदगी को कहें हां’ का संदेश देते हुए नागरिकों से नशामुक्त जयपुर के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story