मादक पदार्थों से संबंधित सूचनाओं के लिए जयपुर पुलिस ने जारी किया व्हाट्सएप नंबर

WhatsApp Channel Join Now
मादक पदार्थों से संबंधित सूचनाओं के लिए जयपुर पुलिस ने जारी किया व्हाट्सएप नंबर


जयपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से आमजन से सक्रिय सहयोग की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि यदि कहीं भी स्मैक, हेरोइन, गांजा, चरस, अफीम, एमडी, नशीली गोलियों अथवा अन्य मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त, तस्करी, भंडारण, परिवहन या सेवन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

आमजन की सुविधा और त्वरित सूचना प्राप्त करने के लिए जयपुर पुलिस ने विशेष व्हाट्सएप नंबर 8764866939 जारी किया है। इस नंबर पर नागरिक मादक पदार्थों से संबंधित फोटो, वीडियो, लोकेशन अथवा अन्य उपलब्ध साक्ष्य साझा कर सकते हैं। सूचना देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना का गंभीरता से सत्यापन किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता और समय पर प्राप्त सूचनाओं के माध्यम से ही नशे के नेटवर्क को प्रभावी ढंग से ध्वस्त किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से जयपुर को नशा मुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ शहर बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story