जयपुर निगम चुनाव में बदले समीकरण: कहीं नामांकन खारिज तो कहीं प्रत्याशी ने नहीं भरा पर्चा

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर निगम चुनाव में बदले समीकरण: कहीं नामांकन खारिज तो कहीं प्रत्याशी ने नहीं भरा पर्चा


जयपुर निगम चुनाव में बदले समीकरण: कहीं नामांकन खारिज तो कहीं प्रत्याशी ने नहीं भरा पर्चा


जयपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। जयपुर नगर निगम चुनाव-2026 में नामांकन पत्रों की जांच के बाद कई वार्डों में चुनावी समीकरण बदल गए हैं। जहां वार्ड 111 से कांग्रेस प्रत्याशी ज्वाला प्रसाद का नामांकन खारिज हो गया, जबकि वार्ड 146 में भाजपा की ओर से घोषित प्रत्याशी अफसाना ने नामांकन ही दाखिल नहीं किया। इसके चलते इस वार्ड में भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी मैदान में नहीं है। वहीं वार्ड 98 में टिकट वितरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के रूप में सामने आई।

वार्ड 111 से कांग्रेस प्रत्याशी ज्वाला प्रसाद का नामांकन जांच के दौरान निरस्त किया गया। रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष हुई स्क्रूटनी में सामने आया कि उनके खिलाफ ऐसा आपराधिक प्रकरण विचाराधीन है, जिसमें पांच साल से अधिक सजा का प्रावधान है। न्यायालय इस मामले में संज्ञान ले चुका है और 29 अगस्त 2024 को ज्वाला प्रसाद के खिलाफ आरोप तय किए जा चुके हैं। इसी आधार पर उनका नामांकन निरस्त किया गया। इससे कांग्रेस की वार्ड 111 की चुनावी रणनीति को झटका लगा है।

वार्ड 146 में भाजपा की ओर से जारी प्रत्याशी सूची में अफसाना का नाम था, लेकिन उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इस वार्ड में भाजपा का कोई अधिकृत प्रत्याशी नहीं है। कांग्रेस ने यहां अफरोज को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में वार्ड 146 का मुकाबला पूरी तरह बदल गया है।

टिकट वितरण को लेकर भाजपा में भी असंतोष सामने आया। सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 98 के कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर सुभाष सिंघी को टिकट देने का विरोध किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया गया, जो पहले वार्ड की गतिविधियों में सक्रिय नहीं रहे। उन्होंने इसे ‘पैराशूट उम्मीदवार’ को टिकट देने का फैसला बताते हुए पुनर्विचार की मांग की।

कार्यकर्ताओं के अनुसार टिकट के लिए तैयार पैनल में तीन नाम शामिल थे और सभी दावेदारों से पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन भी लिए गए थे। इसके बावजूद पैनल में शामिल किसी दावेदार को टिकट नहीं मिलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में 1253 उम्मीदवारों ने कुल 1392 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद अब प्रत्याशियों के पास 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लेने का समय रहेगा। इसके बाद 3 सितंबर को ही दोपहर 3 बजे बाद चुनाव लड़ने वाले अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। 4 सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

नामांकन जांच के बाद वार्ड 111, 146 और 98 में सामने आए घटनाक्रम ने चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अब नाम वापसी के बाद सभी वार्डों की अंतिम तस्वीर साफ होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story