जयपुर मैराथन 2027 की तैयारी शुरू: सेंट्रल पार्क में ट्रेनिंग कैंप का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर मैराथन 2027 की तैयारी शुरू: सेंट्रल पार्क में ट्रेनिंग कैंप का शुभारंभ


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। एयू जयपुर मैराथन 2027 की तैयारियों का आगाज हो गया है। जयपुर रनर्स क्लब की ओर से मैराथन के लिए विशेष प्रशिक्षण पहल ‘रोड टू एयू जयपुर मैराथन 2027’ शुरू की गई है। सेंट्रल पार्क में आयोजित समारोह में संस्कृति युवा संस्था के पं. सुरेश मिश्रा ने ट्रेनिंग कैंप का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य शहर में दौड़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ हर आयु और क्षमता के धावकों को व्यवस्थित प्रशिक्षण देकर मैराथन के लिए तैयार करना है। एयू जयपुर मैराथन 14 फरवरी को आयोजित होगी।

ट्रेनिंग कैंप में शुरुआती धावकों से लेकर अनुभवी रनर्स तक को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा। प्रतिभागियों को 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, हाफ मैराथन और फुल मैराथन की तैयारी कराई जाएगी। जेआरसी रन अकादमी और सेंट्रल पार्क के कोच मोहनीश और आकांक्षा धावकों को नियमित प्रशिक्षण के साथ दौड़ने की तकनीक संबंधी मार्गदर्शन देंगे।

एयू जयपुर मैराथन के सीईओ मुकेश मिश्रा ने कहा कि मैराथन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि फिटनेस, स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता का बड़ा मंच है। इस प्रशिक्षण पहल से नए धावकों को सही मार्गदर्शन और अनुभवी धावकों को अपना प्रदर्शन बेहतर करने का अवसर मिलेगा। प्रयास है कि जयपुर को देश के प्रमुख रनिंग और फिटनेस केंद्रों में स्थापित किया जाए।

जयपुर रनर्स क्लब के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि जेआरसी रन अकादमी के माध्यम से रनिंग को नियमित जीवनशैली के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है। हर व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार दौड़ना शुरू करे और मजबूत रनिंग समुदाय का हिस्सा बने। यह पहल मैराथन तक धावकों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और विशेषज्ञ प्रशिक्षण से जोड़ने का प्रयास है।

कार्यक्रम में जयपुर रनर्स क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण तिजारिया, सुशील कुल्हरी, शिव कुमार भारद्वाज, क्लब के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, कोषाध्यक्ष ऋषभ दुग्गड़ तथा सेंट्रल पार्क के जोनल डायरेक्टर अनीता वर्मा और मुंजाल मयंक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777100 Articles

Share this story