‘विश्व हेरिटेज दिवस’ के अवसर पर जयपुर मंडल का विरासत संरक्षण काे लेकर जागरूकता कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
‘विश्व हेरिटेज दिवस’ के अवसर पर जयपुर मंडल का विरासत संरक्षण काे लेकर जागरूकता कार्यक्रम


जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर मंडल द्वारा शनिवार को ‘विश्व हेरिटेज दिवस’ के अवसर पर कोच केयर कॉम्प्लेक्स में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे की समृद्ध विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विरासत संरक्षण की शपथ दिलाकर की गई। अपने उद्बोधन में उन्होंने भारतीय रेल की गौरवशाली परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विरासत केवल अतीत की स्मृति नहीं,बल्कि भविष्य के निर्माण की प्रेरणा भी है। उन्होंने आधुनिक तकनीक और परंपरागत मूल्यों के समन्वय पर बल देते हुए कहा कि हमें विकास के साथ-साथ अपनी ऐतिहासिक पहचान को भी संरक्षित रखना चाहिए। पूजा मित्तल वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयपुर ने बताया कि इस विशेष अवसर पर कोच केयर कॉम्प्लेक्स में रेलवे के पुराने कलपुर्जों, ऐतिहासिक कोच डिजाइनों तथा पूर्व समय में उपयोग किए जाने वाले तकनीकी उपकरणों की एक आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई।

इस प्रदर्शनी ने उपस्थित जनों को भारतीय रेल के विकासक्रम की झलक प्रदान की और पुरानी तकनीकों की उपयोगिता को दर्शाया।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा ‘हेरिटेज ड्राइंग प्रतियोगिता’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता के माध्यम से रेलवे की ऐतिहासिक धरोहरों को चित्रों के रूप में प्रस्तुत किया। बच्चों के उत्साह और रचनात्मकता ने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेलवे की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना,पुरानी कार्यप्रणालियों के महत्व को रेखांकित करना तथा युवा रेलकर्मियों को संगठन की समृद्ध परंपराओं से जोड़ना रहा। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विरासत का संरक्षण केवल जिम्मेदारी ही नहीं,बल्कि गौरव का विषय भी है।

कार्यक्रम के समापन पर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई। अंत में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (फ्रेट एवं ईएनएचएम) गौरव गुप्ता ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को बधाई दी।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) गौरव गौड़,अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा.) अशफाक हुसैन अंसारी सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने सक्रिय भागीदारी निभाई और विरासत संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story