जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में जुटेंगी दुनिया भर की नामचीन हस्तियां
जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। साहित्य, विचारों और संवादों के दो दशक पूरे होने के अवसर पर वेदांता प्रस्तुत जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल का 20वां संस्करण 14 से 18 जनवरी 2027 तक जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित होगा। पांच दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश के प्रतिष्ठित लेखक, साहित्यकार, इतिहासकार, वैज्ञानिक, कलाकार, शिक्षाविद् और विचारक विभिन्न विषयों पर संवाद करेंगे। आयोजन में साहित्यिक खोज, इतिहास, अकादमिक शोध, विज्ञान, दर्शन, सिनेमा, कला और भारतीय खानपान सहित विविध विषयों को शामिल किया गया है।
महोत्सव के प्रमुख सत्रों में एडमंड रिचर्डसन का सत्र ‘अलेक्जेंडर : गॉड, किंग, मैन’ शामिल है। वर्ष 2026 के बेली गिफोर्ड पुरस्कार विजेता रिचर्डसन एक दशक से अधिक के शोध, नई खोजों और 12 प्राचीन भाषाओं के अनुवादों के आधार पर सिकंदर महान के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे। वहीं ‘एम्पायर पॉड : द वर्ल्ड्स वर्स्ट इम्पीरियलिस्ट्स’ सत्र में डेविड वैन रेब्रुक, कैरोलिन एल्किंस, मैरी फेवरो और मार्क डेविड बेयर, अनीता आनंद और विलियम डेलरिम्पल के साथ साम्राज्यवादी शक्तियों के इतिहास, उनकी विरासत और वर्तमान पर पड़ने वाले प्रभावों पर विचार साझा करेंगे।
ब्रिटिश अकादमी फिल्म एवं टेलीविजन कला (बाफ्टा) पुरस्कार के लिए नामांकित अभिनेत्री, हास्य कलाकार और लेखिका डेम मीरा स्याल ‘विजिलांटी : द वर्ल्ड अकॉर्डिंग टू मीरा स्याल’ सत्र में परिवार, पहचान, विवाह, मातृत्व और अपने करियर के अनुभव साझा करेंगी। इस दौरान भारत विभाजन का उनके परिवार पर पड़े प्रभाव और बदलते ब्रिटेन पर भी चर्चा होगी। वहीं बुकर पुरस्कार की अंतिम सूची में शामिल रहे लेखक मार्लन जेम्स अपने उपन्यास ‘द डिसअपीयरर्स’ पर चर्चा करेंगे। 1980 के दशक के किंग्स्टन, जमैका की पृष्ठभूमि पर आधारित यह उपन्यास समलैंगिक जीवन, मित्रता, अपनत्व और संघर्ष जैसे विषयों को सामने लाता है।
भारतीय साहित्य और भाषाई विविधता पर संवाद
भारतीय साहित्यिक परंपराओं को समर्पित सत्र ‘स्टोरीज अलॉन्ग द कावेरी’ में तमिल लेखक बी. जयमोहन और कन्नड़ लेखक, प्रकाशक एवं एलजीबीटीक्यू+ कार्यकर्ता वसुधेंद्र साहित्यिक प्रभावों, पहचान और विभिन्न भाषाओं में कहानी कहने की परंपरा पर बातचीत करेंगे। अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार विजेता लेखिका गीतांजलि श्री, रक्षंदा जलील के साथ ‘ऑल एट वन्स : सह-साँ’ सत्र में अपने नए उपन्यास और पुस्तकों की भाषाई एवं सांस्कृतिक सीमाओं के पार यात्रा पर द्विभाषी संवाद करेंगी।
विज्ञान और जीवन की मूलभूत जिज्ञासाओं पर आधारित ‘व्हाट इज लाइफ?’ सत्र में नोबेल पुरस्कार विजेता आनुवंशिकी वैज्ञानिक सर पॉल नर्स, साइंस म्यूजियम ग्रुप के विज्ञान निदेशक रोजर हाईफील्ड के साथ चर्चा करेंगे। इसमें जीवन की उत्पत्ति, उसकी जटिलताओं और विज्ञान के माध्यम से प्रकृति एवं मानव जीवन की समझ में आए बदलावों पर विचार होगा।
सिनेमा, महाकाव्य और खानपान भी होंगे चर्चा के विषय
साहित्य, सिनेमा और दृश्य कला के संबंधों पर ‘द कलर ऑफ वर्ड्स : स्पीकिंग इमेजेज’ सत्र में नयनिका महतानी, फिल्मकार विशाल भारद्वाज और अनु सिंह शामिल होंगे। वे चर्चा करेंगे कि कहानियां किस तरह लिखित शब्दों से आगे बढ़कर सिनेमा, संगीत और चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त होती हैं। ‘ओडिसियस एंड द रामायण : द हीरोइक एंड द एपिक’ सत्र में मीरा सेओ, फिलिप लुटगेंडॉर्फ और हरीश त्रिवेदी दो महान महाकाव्य परंपराओं के प्रभाव, विभिन्न संस्कृतियों में उनकी यात्रा और समकालीन प्रासंगिकता पर विचार रखेंगे।
भारतीय खानपान की वैश्विक पहचान पर केंद्रित ‘द राइज ऑफ इंडियन फूड’ सत्र में प्रसिद्ध शेफ हिमांशु सैनी भारतीय क्षेत्रीय खानपान की विविधता और आधुनिक प्रयोगों पर चर्चा करेंगे। दुबई स्थित उनके रेस्तरां ‘त्रेसिंद स्टूडियो’ को तीन मिशेलिन सितारे प्राप्त करने वाला पहला भारतीय रेस्तरां बताया गया है। सत्र में भारतीय व्यंजनों की परंपरा को नवाचार, विज्ञान और आधुनिक पाक तकनीकों के साथ नए रूप में प्रस्तुत करने पर बातचीत होगी।
कई प्रतिष्ठित भारतीय और अंतरराष्ट्रीय हस्तियां होंगी शामिल
महोत्सव के कार्यक्रम में पहले घोषित कई प्रमुख नाम भी शामिल हैं। इनमें नोबेल पुरस्कार विजेता और पोलिश लेखिका ओल्गा टोकार्चुक, हिंदी की कवयित्री एवं उपन्यासकार अनामिका, बांग्लादेशी-ब्रिटिश लेखिका तहमीमा अनम, राष्ट्रीय पुस्तक पुरस्कार विजेता उपन्यासकार एवं पत्रकार उमर अल अकाद, बुकर पुरस्कार की अंतिम सूची में शामिल लेखिका अवनि दोषी, जीवाश्म विज्ञानी एवं विकासवादी जीवविज्ञानी स्टीव ब्रुसेट, जादूगर एवं भ्रमविद् ड्रमंड मनी-कॉट्स, साहित्यिक आलोचक एवं सांस्कृतिक सिद्धांतकार होमी के. भाभा, इतिहासकार श्राबणी बसु, आयरिश लेखिका लुईस कैनेडी, अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर प्रबल गुरुंग, पत्रकार एवं लेखक संजय हजारिका, ब्रिटिश-फिलिस्तीनी लेखिका इसाबेला हम्माद, भारत के पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त एसवाई कुरैशी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता इंदिरा जयसिंह, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय किशन कौल, उपन्यासकार करण महाजन, जैव प्रौद्योगिकी उद्यमी किरण मजूमदार-शॉ और ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित कोंकणी लेखक दामोदर मावजो शामिल हैं।
इसके अलावा पत्रकार एवं लेखक आनंद गोपाल, नीति आयोग के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी और भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत, शेफ एवं रेस्तरां संचालक अस्मा खान, पुर्तगाल के पूर्व यूरोपीय मामलों के मंत्री एवं राजनीतिक विचारक ब्रूनो मैकेस, विदेश नीति विशेषज्ञ सी. राजा मोहन, इतिहासकार एवं क्लासिकल अध्ययन के विद्वान एडमंड रिचर्डसन, पुलित्जर पुरस्कार विजेता लेखक लियाकत अहमद, अर्थशास्त्री एवं पर्यावरण नीति विशेषज्ञ माइकल ग्रीनस्टोन, पत्रकार राहुल पंडिता, कवयित्री एवं लेखिका रूथ पेडेल तथा कवयित्री, उपन्यासकार एवं नृत्यांगना तिशानी दोषी भी महोत्सव में शामिल होंगे।
टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक और जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के निर्माता संजय के. रॉय ने कहा कि दो दशक पहले पुस्तकों, विचारों और लोगों को एक ऐसा मंच देने की शुरुआत की गई थी, जहां बिना किसी बाधा के संवाद हो सके। जयपुर से शुरू हुआ यह आयोजन आज लेखकों, पाठकों और विचारकों का वैश्विक मंच बन चुका है। इसका उद्देश्य जिज्ञासा, खुले विचारों और सार्थक संवाद के माध्यम से दुनिया को देखने का नजरिया विकसित करना है। उन्होंने कहा कि 20वें संस्करण में नई पीढ़ी के लेखकों और पाठकों का स्वागत करने की तैयारी है।
लेखिका, सह-संस्थापक और सह-निदेशक नमिता गोखले ने कहा कि जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल जीवंत, सहज और विचारों से भरपूर आयोजन है। यह दुनिया भर की पुस्तकों और विचारों को मंच देने के साथ भारतीय साहित्यिक कल्पनाशीलता की विविधता को भी सामने लाता है। उन्होंने कहा कि 20वां संस्करण शब्दों और उन कहानियों का उत्सव है, जो हमारे जीवन और समाज को आकार देती हैं। जनवरी में यह आयोजन दुनिया को जयपुर और जयपुर को दुनिया से जोड़ने का काम करेगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

