जयपुर ज्वैलरी शो 22 से 25 दिसंबर तक होगा आयोजित
जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। जयपुर ज्वैलरी शो (जेजेएस) 2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में एग्जीबिटर्स मीट का आयोजन किया गया। इसमें 350 से अधिक प्रदर्शकों ने भाग लिया। इस वर्ष जेजेएस का 22वां संस्करण 22 से 25 दिसंबर तक सीतापुरा स्थित नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। इस बार शो की थीम 'कलर्ड जेमस्टोन्स' रखी गई है।
जेजेएस के चेयरमैन राजीव जैन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शो के लेआउट और प्रदर्शकों व दर्शकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष शो का उद्घाटन राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।
जैन ने जेजेएस की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि 67 बूथों से शुरू हुआ यह आयोजन अब 1200 से अधिक बूथों तक पहुंच गया है। यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इस वर्ष शो में 650 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे। वहीं, बी2बी कारोबार के लिए पिंक क्लब में 74 बूथ स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 350 से अधिक प्रदर्शक प्रतीक्षा सूची में हैं।
उन्होंने कहा कि 21 दिसंबर को व्यापारिक आगंतुकों के लिए विशेष पूर्वावलोकन दिवस आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, 1000 होस्टेड बायर्स नाइट भी शो के लिए आरक्षित की गई है। जयपुर ज्वैलरी डिजाइन फेस्टिवल (जेजेडीएफ) के अंतर्गत 67 बूथ लगाए जाएंगे। ज्वैलर्स को शो से जोड़ने और जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न शहरों में प्रचार यात्राएं भी आयोजित की गई हैं। प्रस्तुतीकरण के बाद राजीव जैन ने प्रदर्शकों के सवालों के जवाब दिए।
जेजेएस के मानद सचिव कमल कोठारी ने कहा कि शो की निरंतर सफलता प्रदर्शकों, आगंतुकों, विक्रेताओं और आयोजन समिति के सामूहिक सहयोग और प्रयासों का परिणाम है। इसी सहयोग के चलते यह आयोजन हर वर्ष बड़ा और बेहतर होता जा रहा है। इस अवसर पर जेजेएस के साथ 20 वर्षों से जुड़े 17 प्रदर्शकों को मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जेजेएस के संरक्षक विमल चंद सुराणा भी उपस्थित रहे।
जेजेएस के प्रवक्ता एवं संयुक्त सचिव अजय काला ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने आयोजन की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थापक चेयरमैन के दृष्टिकोण के अनुरूप जेजेएस की टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में पुराने प्रदर्शकों की निरंतर भागीदारी जेजेएस ब्रांड की लोकप्रियता और व्यापारिक सफलता को दर्शाती है। देशभर के ज्वैलर्स और ग्राहक दिसंबर में होने वाले इस शो का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश के प्रमुख बी2बी और बी2सी आभूषण आयोजनों में शामिल जेजेएस में इस वर्ष 50 हजार से अधिक आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

