जस शो 2026 में मुख्य अतिथि होंगे डायमंड उद्योग के दिग्गज मावजीभाई पटेल
जयपुर, 29 मई (हि.स.)। ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर की ओर से आयोजित देश के प्रतिष्ठित जेम्स एवं ज्वेलरी व्यापारिक आयोजन “जस शो 2026” इस वर्ष और अधिक भव्य और ऐतिहासिक रूप में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि विश्व की अग्रणी डायमंड निर्यातक कंपनियों में शामिल किरण जेम्स के चेयरमैन एवं संस्थापक मावजीभाई पटेल उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष राजू मंगोड़ी वाला और जस शो कन्वीनर अशोक माहेश्वरी ने बताया कि मावजीभाई पटेल की कंपनी किरण जेम्स आज दुनिया की प्रमुख पॉलिश्ड डायमंड कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी का वार्षिक डायमंड निर्यात 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक बताया जाता है। साथ ही कंपनी ने 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़कर उद्योग जगत में विकास और विश्वास का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1985 में स्थापित किरण जेम्स का नेटवर्क कई देशों में फैला हुआ है। कंपनी रफ डायमंड की प्रोसेसिंग, कटिंग, पॉलिशिंग और अंतरराष्ट्रीय निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। गुणवत्ता, पारदर्शिता और नैतिक व्यापारिक मूल्यों के कारण कंपनी ने वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान बनाई है।
एसोसिएशन सचिव अजय गोधा ने कहा कि मावजीभाई पटेल ने भारतीय हीरा उद्योग में बड़े स्तर पर रोजगार सृजन किया है और निर्यात क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त किए हैं। उनके नेतृत्व में किरण जेम्स ने वैश्विक ग्राहकों के बीच भरोसे और गुणवत्ता के आधार पर विशेष प्रतिष्ठा हासिल की है।
उन्होंने बताया कि मावजीभाई पटेल सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) गतिविधियां शिक्षा, स्वास्थ्य, कर्मचारी कल्याण और सामाजिक उत्थान से जुड़ी हुई हैं। विद्यालयों में सहयोग, छात्र सहायता, चिकित्सा सेवाएं और जरूरतमंद वर्गों की मदद जैसे कार्य उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
पदाधिकारियों ने कहा कि अरबों डॉलर के कारोबार का नेतृत्व करने के बावजूद मावजीभाई पटेल अपनी सादगी और विनम्रता के लिए उद्योग जगत में विशेष पहचान रखते हैं। जस शो 2026 में उनकी उपस्थिति जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग से जुड़े व्यापारियों, उद्यमियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

