पुरोहित जी के कटले में अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पुरोहित जी के कटले में अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश


जयपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। पुरोहित जी के कटले में हाल ही हुई अग्नि दुर्घटना के बाद नगर निगम ने शहर में अग्निशमन व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। नगर निगम के कार्यवाहक आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने मंगलवार को निगम मुख्यालय में अग्निशमन अधिकारियों के साथ बैठक कर अग्निशमन उपकरणों और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त (फायर) दुर्गा कुमारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, सहायक अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने पुरोहित जी के कटले में अग्निशमन व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की। आयुक्त ने अधिकारियों को अग्निशमन से जुड़े सभी उपायों और उपकरणों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नगर निगम के अनुसार अधिकारियों ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से भी वार्ता की। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यापारियों की ओर से पुरोहित जी के कटले में स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने पर सहमति बनी।

आयुक्त ने जयपुर शहर के प्रतिष्ठानों का सात दिन में सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। सर्वे के दौरान बिना फायर एनओसी संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही फायर एनओसी प्राप्त प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जाएगा और यह देखा जाएगा कि वहां अग्निशमन मानकों की पालना हो रही है या नहीं।

नगर निगम के अनुसार पुरोहित जी के कटले में फायर फाइटिंग सिस्टम दुरुस्त होने तक हेरिटेज मुख्यालय पर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए 24 घंटे एक फायर ब्रिगेड और दो दक्ष कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा घाटगेट फायर स्टेशन से पुरोहित जी के कटले तक हाइड्रेंट लाइन और फायर फाइटिंग सिस्टम को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। निगम अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story