जयपुर में ‘खुशियों वाली दिवाली’ के तहत 12 दिन तक होंगे विशेष आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में ‘खुशियों वाली दिवाली’ के तहत 12 दिन तक होंगे विशेष आयोजन


जयपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। जयपुर में स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर दिवाली के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से ‘खुशियों वाली दिवाली’ अभियान के तहत 12 दिवसीय विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। 31 अक्टूबर से 11 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में सफाई अभियान, मैराथन, ड्रोन शो, आतिशबाजी और शहर की विशेष सजावट सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही सात श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

महापौर सुनील कोठारी ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में शीर्ष 10 वार्डों को कुल 1 करोड़ 80 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्य दिए जाएंगे। सभी श्रेणियों के विजेताओं को वे स्वयं सम्मानित करेंगे। उन्होंने कहा कि गुलाबी नगरी की दिवाली को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाना नगर निगम का संकल्प है। यह आयोजन केवल निगम का नहीं, बल्कि पूरे शहर का है। इसमें प्रत्येक नागरिक, व्यापारी और संस्थान की भागीदारी जरूरी है।

उपमहापौर सरोज कंवर ने सभी 150 वार्डों के पार्षदों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने सफाई, सुरक्षा और ऑनलाइन प्रविष्टियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

आयोजन के तहत 31 अक्टूबर को सभी 150 वार्डों में ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0’ के तहत सफाई अभियान चलाया गया। 13 जोन में एक साथ हुए इस अभियान में मुख्य बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। अब 5 नवंबर को ‘सफाई सेवा मैराथन 2.0’ आयोजित होगी, जिसमें सफाई कर्मचारी, पार्षद और नागरिक सामूहिक श्रमदान करेंगे।

कार्यक्रमों की कड़ी में 7 नवंबर को रात 9 बजे विधानसभा के पास ड्रोन शो होगा। इसमें ड्रोन के माध्यम से आकाश में दीये, आकृतियां और रोशनी के संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं, 8 नवंबर को रात 9:30 बजे विधानसभा के पास आतिशबाजी होगी, जो करीब 15 से 20 मिनट तक चलेगी। इसी दिन शहर की गलियों, हवेलियों और स्मारकों को मिट्टी के दीयों, रंगोली, फूलों, गेंदे के तोरण और कंदील से सजाया जाएगा।

नगर निगम की ओर से सात श्रेणियों में प्रतियोगिताएं 4 से 11 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक वार्ड स्वच्छता अभियान, नवाचार और विशेष पहल को दर्शाती अधिकतम 50 तस्वीरें भेज सकेगा। इसमें प्रथम स्थान पाने वाले वार्ड को 51 लाख, द्वितीय को 31 लाख और तृतीय को 21 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्य दिए जाएंगे। चौथे से दसवें स्थान तक के सात वार्डों को 11-11 लाख रुपये के विकास कार्य मिलेंगे। ये कार्य संबंधित पार्षद की अनुशंसा पर कराए जाएंगे।

अन्य छह प्रतियोगिताओं में आवासीय एवं पारंपरिक सजावट, आवासीय एवं आधुनिक सजावट, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, संस्थागत प्रतिष्ठानों और बाजारों की सजावट को शामिल किया गया है। पारंपरिक सजावट में रंगोली, मांडना, गोबर कला और पुष्प सज्जा का मूल्यांकन होगा, जबकि आधुनिक सजावट में लाइटिंग और एलईडी सहित तकनीकी सजावट को देखा जाएगा। इन दोनों आवासीय श्रेणियों के विजेताओं को इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन, एलईडी टीवी और स्मार्टफोन जैसे पुरस्कार दिए जाएंगे।

व्यावसायिक श्रेणी में दुकानें, शोरूम, मॉल, होटल, रिसॉर्ट, कार्यालय और औद्योगिक प्रतिष्ठान शामिल होंगे। संस्थागत श्रेणी में स्कूल, कॉलेज, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालय, अस्पताल, बैंक, एनजीओ और धार्मिक स्थल भाग ले सकेंगे। इसके अलावा जयपुर के परकोटा क्षेत्र के बाजारों के लिए भी प्रतियोगिता होगी। इन श्रेणियों के विजेताओं को प्रशस्ति स्मृति-चिह्न और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771893 Articles

Share this story