बिजली बचाने के लिए जयपुर डिस्कॉम का जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को बनाया ‘एनर्जी एम्बैसडर’

WhatsApp Channel Join Now
बिजली बचाने के लिए जयपुर डिस्कॉम का जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को बनाया ‘एनर्जी एम्बैसडर’


जयपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। ऊर्जा संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और बिजली की अनावश्यक खपत रोकने के उद्देश्य से जयपुर डिस्कॉम ने ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के अंतर्गत विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत निगम के सभी 18 वृत्त कार्यालयों में शैक्षणिक संस्थानों, आवासीय सोसायटियों और उपभोक्ताओं के बीच ऊर्जा बचत को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान विद्यार्थियों और उपभोक्ताओं को बिजली के जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के लिए डिस्कॉम्स चेयरमैन आरती डोगरा ने सभी वृत्तों के अधीक्षण अभियंताओं को ऊर्जा संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने और इनमें विद्यार्थियों, सरकारी कार्यालयों तथा उपभोक्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

अभियान के तहत अलवर, भिवाड़ी, दौसा, झालावाड़, डीग, जयपुर सिटी एवं जिला सर्कल, कोटा, भरतपुर, टोंक, बूंदी और धौलपुर सहित विभिन्न वृत्तों में विद्यालयों और महाविद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियंताओं ने विद्यार्थियों को बिजली की बचत के व्यावहारिक तरीके समझाए और ऊर्जा दक्ष जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रमों में एलईडी बल्ब और पांच सितारा रेटिंग वाले विद्युत उपकरणों के उपयोग के लाभ बताए गए। साथ ही वातानुकूलक को उपयुक्त तापमान पर चलाने, शीतलन उपकरणों का दक्षता से उपयोग करने और जरूरत नहीं होने पर बिजली के उपकरण बंद रखने जैसे उपायों पर जोर दिया गया। उपभोक्ताओं को छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए भी जागरूक किया गया।

विद्युत भवन में विद्युत निगमों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ऊर्जा संरक्षण की शपथ ली।

वहीं, विद्यालयों और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों में युवाओं को ‘एनर्जी एम्बैसडर’ के रूप में नामित किया गया, ताकि वे अपने परिवार और समाज में बिजली बचाने का संदेश पहुंचा सकें।

अभियान के माध्यम से निगम ने ऊर्जा संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और बिजली के विवेकपूर्ण उपयोग की आदत विकसित करने पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story