जयपुर डिस्कॉम ने सात स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी, 12.87 लाख का जुर्माना
जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर डिस्कॉम की सतर्कता शाखा ने गुरुवार को शहर के जगतपुरा और कानोता क्षेत्रों में विद्युत चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए सात मामलों का खुलासा किया। इन मामलों में कुल 12 लाख 87 हजार रुपए का जुर्माना निर्धारित किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) महेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि कानोता क्षेत्र में जांच के दौरान दो होटल अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। इन दोनों प्रतिष्ठानों पर क्रमशः 3 लाख 37 हजार 335 रुपए और 87 हजार 950 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
इसके बाद कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए टीम ने हिंगोनिया रिंग रोड स्थित एक ईंट भट्टे का निरीक्षण किया, जहां बिजली चोरी का मामला सामने आया। इस पर 3 लाख 53 हजार 827 रुपए का जुर्माना निर्धारित किया गया।
सतर्कता टीम ने दो घरेलू परिसरों में भी अनियमितताएं पाई, जिन पर क्रमशः 1 लाख 70 हजार 57 रुपए और 1 लाख 54 हजार 698 रुपए का जुर्माना लगाया गया। वहीं जगतपुरा के गोठवालों की ढाणी, रोपाड़ा क्षेत्र में दो अन्य घरेलू कनेक्शनों में भी बिजली चोरी पकड़ी गई, जिन पर कुल 1 लाख 84 हजार 114 रुपए का दंड निर्धारित किया गया।
उन्होंने बताया कि सभी संबंधित उपभोक्ताओं को जुर्माना राशि जमा कराने के लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं करने पर उनके खिलाफ विद्युत चोरी निरोधक पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से अवैध रूप से डाली गई केबल भी जब्त कर ली। डिस्कॉम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

