जयपुर डिजाइन फेस्टिवल में पहुंचीं उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी
जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जवाहर कला केंद्र में आयोजित जयपुर डिजाइन फेस्टिवल-2026 का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने युवा डिजाइनरों और नवाचारकर्ताओं की ओर से तैयार किए गए रचनात्मक डिजाइनों और नए प्रयोगों की सराहना की।
दीया कुमारी ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर डिजाइनरों से उनके उत्पादों, डिजाइनों और नवाचारों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि युवा प्रतिभाओं की ओर से रोजमर्रा की जिंदगी में टिकाऊपन को शामिल करने के लिए किए जा रहे प्रयास उत्साहजनक हैं। ऐसे रचनात्मक विचार समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने फेस्टिवल में भाग लेने वाले सभी डिजाइनरों और नवाचारकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और नवाचार प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने जयपुर स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि जयपुर की गौरवशाली विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान सभी के लिए गर्व का विषय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

