जयपुर-दिल्ली हाईवे हादसे में तीसरे मृतक की पहचान: परिवार का इकलौता सहारा था देवी सिंह

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर-दिल्ली हाईवे हादसे में तीसरे मृतक की पहचान: परिवार का इकलौता सहारा था देवी सिंह


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। जयपुर-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीसरे व्यक्ति की पहचान अजमेर जिले के नसीराबाद क्षेत्र के धोलादाता गांव निवासी देवी सिंह रावत (48) के रूप में हुई है। शनिवार को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। देवी सिंह परिवार में इकलौते कमाने वाले थे। उनके पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चे हैं।

देवी सिंह के भतीजे नरसिंह रावत ने बताया कि वह तेजाब की गाड़ी चलाते थे। परिवार में पत्नी सेठा देवी, बेटा मनीष (16) और तीन बेटियां प्रियंका (13), आरती (12) व रवीना (10) हैं। चारों बच्चे गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे देवी सिंह धोलादाता गांव से लोहा मंडी में गाड़ी खाली करने के लिए निकले थे। हादसे ने परिवार का इकलौता आर्थिक सहारा छीन लिया।

मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रोला जब्त कर लिया है। आरोपित चालक सुमन कुमार ने पूछताछ में बताया कि तेज रफ्तार के कारण उसे कट दिखाई नहीं दिया। उसने पहले इको कार को टक्कर मारी। इसके बाद ट्रेलर के स्टेयरिंग से नियंत्रण खो गया और वह सर्विस लेन पर उतरकर दुकानों में जा घुसा। इस दौरान रास्ते में कई वाहनों और लोगों को चपेट में ले लिया।

हादसे में शामिल नागालैंड के कोहिमा आरटीओ में पंजीकृत कमर्शियल मल्टी एक्सल ट्रेलर (एनएल-01-एच-6175) के खिलाफ राजस्थान सहित चार राज्यों में यातायात नियमों के उल्लंघन के 12 चालान दर्ज हैं। रिकॉर्ड में ओवरलोडिंग, गलत लेन में वाहन चलाने, खतरनाक ड्राइविंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसे मामले सामने आए हैं। हरियाणा, बिहार और मध्य प्रदेश में भी इस वाहन के चालान काटे गए थे।

केएम ट्रांस लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पंजीकृत ट्रेलर का रजिस्ट्रेशन, नेशनल परमिट और फिटनेस प्रमाण पत्र वैध हैं। इसके बावजूद वाहन के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में नियमों के उल्लंघन की कार्रवाई हुई थी। चालानों में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी और रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप की कमी जैसी खामियां भी दर्ज हैं।

ट्रेलर रायपुर से लोहे के गार्डर लेकर जयपुर आया था। झोटवाड़ा स्थित फैक्ट्री में गार्डर खाली करने के बाद वह दौलतपुरा टोल रोड होते हुए दूदू जा रहा था। इसी दौरान मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में रोड नंबर-14 स्थित अनाज मंडी के पीछे गेट के सामने यह भीषण हादसा हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777240 Articles

Share this story