जयपुर की डॉ. संगीता शर्मा बनीं दिवालिशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2026

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर की डॉ. संगीता शर्मा बनीं दिवालिशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2026


जयपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। महिला सशक्तीकरण, नेटवर्किंग और विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिवालिशियस ग्रुप की ओर से गठित ‘दिवालिशियस वुमेन ऑफ एक्सीलेंस’ मंच का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मिसेज यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन से संबद्ध दिवालिशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स प्रतियोगिता 2026 की विजेताओं की क्राउनिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई। इसमें जयपुर की आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. संगीता शर्मा को दिवालिशियस मिसेज इंडिया यूनिवर्स 2026 का विजेता घोषित किया गया।

मिसेज यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन के सीईओ नरेश मदान ने बताया कि प्रतियोगिता में तेलंगाना की श्रुति जोईजोड़े को मिसेज इंडिया यूनिवर्स अर्थ 2026, डॉली किरण को मिसेज साउथ इंडिया यूनिवर्स, प्रीति विश्वकर्मा को मिसेज सेंट्रल इंडिया, प्रिया राव को मिसेज इंडिया यूनिवर्स उत्तर प्रदेश, शीतल गांधी को मिसेज इंडिया यूनिवर्स गुजरात, नेहा जैन को मिसेज इंडिया यूनिवर्स राजस्थान और रिंकी शाह को मिसेज इंडिया यूनिवर्स तमिलनाडु का खिताब दिया गया। सभी विजेताओं को ताज और सैश पहनाकर ट्रॉफी व उपहार भेंट किए गए।

क्राउनिंग सेरेमनी से पहले प्रतिभागियों ने फैशन डिजाइनर रिया खडोलिया और सान्वी के लेबल ‘स्टिच बाय सान्वी’ की इंडो-वेस्टर्न पोशाकों तथा इंटरनेशनल स्कूल ऑफ डिजाइन की डिजाइनर तूलिका वर्मा के निर्देशन में तैयार ईवनिंग गाउन में कैटवॉक की। मेकअप और स्टाइलिंग औरा ग्लैम की रुचि शर्मा ने की, जबकि कोरियोग्राफी राजस्थान ड्रीम्स के गौरव प्रताप सिंह और मनीषा सिंह ने संभाली।

वहीं ‘दिवालिशियस वुमेन ऑफ एक्सीलेंस’ मंच के शुभारंभ पर केरल की श्यामला हलीमा को चीफ पैट्रन और तमिलनाडु की डॉ. सुधा दुत्तीश को ब्रांड एम्बेसडर घोषित किया गया। डॉ. सुधा को दिवालिशियस मिसेज इंडिया वर्ल्ड 2027 की ब्रांड एम्बेसडर की जिम्मेदारी भी दी गई। हिमाचल की सहायक आयुक्त जीएसटी शैलजा शर्मा, मिसेज यूरो एशिया 2021 संजुक्ता दास, जयपुर की दीपाली मीना और लखनऊ की सबा अंजुम को फाउंडिंग काउंसिल सदस्य घोषित कर ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771743 Articles

Share this story