प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक चेतना को मिली नई ऊर्जा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक चेतना को मिली नई ऊर्जा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक चेतना को मिली नई ऊर्जा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक चेतना को मिली नई ऊर्जा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा


जयपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विजयादशमी का पर्व केवल रावण वध का स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज में व्याप्त बुराइयों और कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लेने का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन लोककल्याण, मर्यादा, आदर्शों और सनातन संस्कृति की रक्षा का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करना ही वास्तविकता में रामराज्य की स्थापना का मार्ग है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को जयपुर के आदर्श नगर में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित रावण दहन महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन का ऐतिहासिक कार्य हो रहा है। अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास, उज्जैन में महाकाल लोक के निर्माण और सोमनाथ की गौरवशाली विरासत के स्मरण जैसे कार्यों ने देश की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की है। इसी प्रकार सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के विरुद्ध भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया है। वहीं, नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई से देश में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भी प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। विभिन्न मंदिरों के विकास एवं पुनर्निर्माण, संतों और लोक परंपराओं से जुड़े स्थलों पर पैनोरमा निर्माण तथा राजकीय मंदिरों में वर्षभर उत्सवों एवं महोत्सवों के आयोजन जैसे प्रयासों से हमारी सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं में नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। नशे रूपी रावण को समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में 100 सप्ताह का महाभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज से ही विकसित एवं मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने आमजन और सामाजिक संगठनों से नशे के विरुद्ध अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने श्रीराम मंदिर में राम दरबार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, महापौर सुनील कोठारी, पूर्व विधायक अशोक परनामी सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764102 Articles

Share this story