जयपुर कैपिटल्स बनी जेसीपीएल 2026 की चैंपियन: जयपुर नाइट राइडर्स उपविजेता
जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर कैटरिंग डीलर्स समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जेसीपीएल-2026 का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जयपुर कैपिटल्स ने खिताब अपने नाम किया, जबकि जयपुर नाइट राइडर्स उपविजेता रही। विजेता टीम को 41 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
विजेता टीम की जीत में समिति अध्यक्ष रामकरण गुलेरिया के पुत्र सुमीत गुलेरिया ने भी अहम भूमिका निभाई। फाइनल के निर्णायक क्षणों में आखिरी ओवर में दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर उन्होंने विपक्षी टीम को ऑलआउट करने में योगदान दिया।
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए जितेंद्र परनामी को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट प्लेयर के खिताब से सम्मानित किया गया। वहीं, समिति के सचिव दिनेश सैनी के भाई योगेश बालान को पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी के लिए बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया।
समिति अध्यक्ष रामकरण गुलेरिया ने सभी टीमों और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन आपसी भाईचारा, अनुशासन और खेल भावना ही आयोजन की वास्तविक सफलता है। उन्होंने बताया कि 5 से 7 अक्टूबर तक चले क्रिकेट आयोजन में कैटरिंग उद्योग से जुड़े व्यापारियों और वेंडर्स की 8 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समिति के सचिव दिनेश सैनी, महासचिव विवेक गुप्ता, कोषाध्यक्ष रामचंद्र मीणा और खेल मंत्री महेश डगायच सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने खिलाड़ियों, टीम मालिकों, कप्तानों, आयोजन समिति और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
जेसीपीएल-2026 के मुख्य प्रायोजक परंपरा ऑयल रहे। को-स्पॉन्सर के रूप में डीएस ग्रुप, क्षीर घी और केच मसाला ने सहयोग किया। समिति ने सभी प्रायोजकों और सहयोगकर्ताओं का आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

