जयपुर बनेगा देश का बड़ा बिजनेस नेटवर्किंग हब: जुटेंगे देश-विदेश के उद्योगपति और स्टार्टअप लीडर
जयपुर, 15 मई (हि.स.)। जयपुर अब देश के प्रमुख बिज़नेस नेटवर्किंग केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाने जा रहा है। एंटरप्रेन्योरशिप और बिज़नेस कोलेबोरेशन के क्षेत्र में राजस्थान की बढ़ती भूमिका के बीच जयपुर को बीएनआई इंडिया की प्रतिष्ठित इंडिया नेशनल कॉन्फ्रेंस-2026 (आईएनसी-2026) की मेजबानी मिली है। यह आयोजन 16 और 17 मई 2026 को नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा।
कॉन्फ्रेंस की घोषणा बीएनआई इंडिया के नेशनल डायरेक्टर हेमू सुवामा ने जयपुर में की। इस अवसर पर संतोष राधाकृष्णन, रीति के. श्रॉफ, अक्षय गोयल सहित देशभर के वरिष्ठ बीएनआई पदाधिकारी मौजूद रहे।
पहली बार जयपुर बीएनआई इंडिया के फ्लैगशिप नेशनल नेटवर्किंग कन्वेंशन की मेज़बानी करेगा। इसे एशिया के सबसे बड़े और प्रभावशाली स्ट्रक्चर्ड बिज़नेस नेटवर्किंग आयोजनों में शामिल माना जाता है। दो दिवसीय इस सम्मेलन में भारत सहित पड़ोसी देशों से एंटरप्रेन्योर, इंडस्ट्री लीडर, प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप फाउंडर्स और बिज़नेस डिसीजन मेकर्स के शामिल होने की संभावना है।
हेमू सुवामा ने कहा कि आईएनसी-2026 केवल एक कॉन्फ्रेंस नहीं बल्कि ऐसा मंच है, जो व्यवसायों को जोड़ने, भरोसेमंद रिश्ते बनाने और दीर्घकालिक विकास के अवसर उपलब्ध कराने का काम करता है। उन्होंने कहा कि जयपुर का तेजी से विकसित हो रहा उद्यमशील वातावरण इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए आदर्श स्थान बनाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

