21 से 25 नवंबर तक सजेगा गणगौर जयपुर कला महोत्सव: 200 से अधिक कलाकार दिखाएंगे हुनर

WhatsApp Channel Join Now
21 से 25 नवंबर तक सजेगा गणगौर जयपुर कला महोत्सव: 200 से अधिक कलाकार दिखाएंगे हुनर


जयपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। गुलाबी नगरी में कला, संस्कृति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। गणगौर टेलीविजन, राजस्थान विश्वविद्यालय के विजुअल आर्ट विभाग एवं प्रतिभा एजुकेशनल डेवलपमेंट रिसर्च सोसाइटी की ओर से 21 से 25 नवंबर तक पांच दिवसीय गणगौर जयपुर कला महोत्सव का आयोजन जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में किया जाएगा। महोत्सव में देशभर के 200 से अधिक ख्यातिप्राप्त कलाकार, चित्रकार, संगीतकार और नृत्यकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

गणगौर टेलीविजन के प्रवक्ता शिशिर अवस्थी ने बताया कि महोत्सव के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के कलाकारों की पेंटिंग, मूर्तिकला, डिजाइन, हस्तशिल्प और कला स्थापनाओं से शिल्पग्राम को सजाया जाएगा। कला जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां विभिन्न विषयों पर चर्चा कर अपने अनुभव और विचार साझा करेंगी। आयोजन के पांचों दिन शाम 6 से रात 9 बजे तक राजस्थान के लोक संगीत और लोक नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी।

महोत्सव में कला स्थापनाओं, रंगोली, फेस पेंटिंग, पोर्ट्रेट पेंटिंग और मेहंदी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। युवा कलाकारों के लिए विशेष कला कार्यशालाएं और प्रत्यक्ष कला प्रदर्शन भी होंगे। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे तथा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

महोत्सव का विशेष आकर्षण 200 फीट लंबे कैनवास पर 'आओ बनाओ पेंटिंग' थीम के तहत सामूहिक चित्रकारी होगी। इसमें कोई भी व्यक्ति अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेगा। आयोजन के अंतिम दिन कलाकारों की पेंटिंग्स की नीलामी भी की जाएगी। नीलामी में बिकने वाली कलाकृति की राशि संबंधित कलाकार को मौके पर ही प्रदान की जाएगी।

आयोजक बीएम चांदना और राजस्थान विश्वविद्यालय के विजुअल आर्ट विभाग के प्रमुख रजत पंडेल ने बताया कि महोत्सव में विभिन्न राज्यों के कलाकार अपनी कलाकृतियां प्रदर्शित करेंगे। वहीं गणगौर टेलीविजन के प्रवक्ता शिशिर अवस्थी ने बताया कि पांचों दिन राजस्थान के प्रसिद्ध लोक कलाकार और संगीतकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story