जयपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध: सात फीट ऊंची दीवार फांदकर अंदर घुसा युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध: सात फीट ऊंची दीवार फांदकर अंदर घुसा युवक गिरफ्तार


जयपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने का मामला सामने आया है। यहां टर्मिनल-2 के पास करीब सात फीट ऊंची बाउंड्री वॉल फांदकर एक युवक एयरपोर्ट परिसर में घुस गया। सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और एयरपोर्ट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

एयरपोर्ट थानाधिकारी विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि घटना 17 नवंबर की सुबह करीब 9:45 बजे की है। पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले के नूखा निवासी नंदा दुलाल दास (40) एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल फांदकर परिसर में घुस गया था। सीआईएसएफ के जवानों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह अंदर चला गया। इस पर जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को सीआईएसएफ ने आरोपित सुपुर्द कर दिया।

मामले में सीआईएसएफ के एएसआई श्रवण कुमार ने 18 नवंबर को एयरपोर्ट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपित एयरपोर्ट की बाहरी दीवार फांदकर अनधिकृत रूप से परिसर में दाखिल हुआ था। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले का अनुसंधान एएसआई रामराज को सौंपा गया है।

जांच अधिकारी एएसआई रामराज के अनुसार आरोपित पश्चिम बंगाल में मजदूरी करता है और घूमते हुए जयपुर पहुंचा था। घटना से पहले उसने एयरपोर्ट के पास शराब पी। इसके बाद वहां पड़ी लकड़ियों को एकत्रित कर उनके सहारे करीब 7 फीट ऊंची दीवार पर चढ़ा और दीवार पर लगे नुकीले तारों के बीच से होकर अंदर कूद गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि कुछ लोग उसके पीछे पड़े हुए थे और उनसे बचने के लिए वह एयरपोर्ट परिसर में घुसा था। पुलिस उसके बताए तथ्यों की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में आरोपित के खानाबदोश होने और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह पुलिस के सवालों का भी ठीक से जवाब नहीं दे पा रहा है। पुलिस ने उसका मेडिकल मुआयना भी करवाया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story