सुशील कुलहरी के साथ साै से अधिक धावकों ने दौड़कर मनाया जयपुर का 299 वां जन्मदिन

WhatsApp Channel Join Now
सुशील कुलहरी के साथ साै से अधिक धावकों ने दौड़कर मनाया जयपुर का 299 वां जन्मदिन


सुशील कुलहरी के साथ साै से अधिक धावकों ने दौड़कर मनाया जयपुर का 299 वां जन्मदिन


जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। जयपुर के 299 वें स्थापना दिवस के अवसर पर एयू जयपुर मैराथन एवं जयपुर रनर्स क्लब की ओर से ‘हैप्पी बर्थडे जयपुर रन–299’ का आयोजन किया गया। इसमें 100 से अधिक धावकों ने सुशील कुलहरी के साथ दौड़ लगाकर शहर का जन्मदिन मनाया। दौड़ का समापन वर्ल्ड ट्रेड पार्क में हुआ, जहां 300 गुब्बारों, विशेष डिजाइनर केक, राजस्थानी लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों और बाइकर्स की सहभागिता के बीच भव्य समारोह आयोजित किया गया।

दौड़ की शुरुआत सुबह 2:40 बजे हनुमान नगर एक्सटेंशन स्थित भोमिया जी पार्क से हुई। धावक गोविंद देवजी मंदिर, मोती डूंगरी गणेश मंदिर, पत्रिका गेट और अल्बर्ट हॉल होते हुए वर्ल्ड ट्रेड पार्क पहुंचे।

आयोजन का विशेष आकर्षण जयपुर रनर्स क्लब के उपाध्यक्ष और आयकर विभाग में अपर आयुक्त सुशील कुलहरी रहे। उन्होंने अपने जन्मदिन पर लगातार सातवें वर्ष 42.195 किलोमीटर की पूर्ण मैराथन पूरी की। वर्ष 2020 में शुरू हुई यह परंपरा जयपुर के प्रति उनके प्रेम और जुड़ाव का प्रतीक बन गई है। उनके साथ करीब 11 अन्य धावकों ने भी पूरी मैराथन दौड़ी। उनके पुत्र कपिल (युबी) ने पूरी दूरी साइकिल से तय की, जबकि पत्नी डॉ. सीमा कुलहरी भी दौड़ में शामिल रहीं।

वर्ल्ड ट्रेड पार्क में आयोजित समारोह में अनुपम भार्गव, क्षेत्रीय प्रमुख, एयू बैंक; रवि सिंघल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जीसीएल ड्रीम्स; जयपुर की पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल; जयपुर रनर्स क्लब के अध्यक्ष दीपक शर्मा और क्लब की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य प्रवीण जैन तिजारिया सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जयपुर मैराथन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जयपुर रनर्स क्लब के सह-संस्थापक मुकेश मिश्रा ने कहा कि जयपुर का जन्मदिन पूरे शहर का उत्सव है और प्रयास है कि हर नागरिक इसमें भागीदारी निभाए। इसी भावना के साथ ‘जयपुर 300–300 आयोजन, 300 वर्ष, एक जयपुर’ अभियान की परिकल्पना की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story