जैन महासभा ने 114 प्रतिभाओं का किया सम्मान
बीकानेर, 15 नवंबर (हि.स.)। जैन महासभा बीकानेर की ओर से रविवार को जिला उद्योग संघ कार्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, विधि, प्रशासनिक सेवाओं, खेलकूद, कला, साहित्य, राजनीति एवं सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली जैन समाज की 114 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों एवं नवनिर्वाचित जैन समाजकेपार्षदों का भी अभिनंदन-सम्मान किया गया।
महासभा के अध्यक्ष कन्हैयालाल बाेथरा ने कहा कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर नगर निगम मेयर अनिल कल्ला रहे, जबकि अध्यक्षता सिविल जज अभिनंदन जैन ने की। समारोह में जैन महासभा के पदाधिकारियों, समाज के गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही।
मेयर अनिल कल्ला ने अपने संबोधन में जैन महासभा एवं जैन समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उन्हें जो मान-सम्मान दिया है, उसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके सामने ऐसे गणमान्य व्यक्तित्व मौजूद हैं, जिनका समाज में विशिष्ट स्थान है। जनसंख्या की दृष्टि से कम होने के बावजूद जैन समाज आज देश के विकसित एवं प्रभावशाली समाजों में अपनी अलग पहचान रखता है।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे सिविल जज अभिनंदन जैन ने जैन महासभा एवं समाज के सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मंच पर उपस्थित होकर उन्हें विशेष अनुभूति हो रही है। आज यहां केवल अभिनंदन-सम्मान नहीं किया जा रहा है, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनगिनत त्याग, माता-पिता के सपनों और विद्यार्थियों के अटूट संकल्प का सम्मान हो रहा है। उन्होंने कहा कि सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज और बीकानेर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनकी मंजिल नहीं, बल्कि जिम्मेदारी की एक नई शुरुआत है। इस सम्मान को अपनी आगे की यात्रा के लिए प्रेरणा बनाएं और निरंतर मेहनत करते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करें।
अभिनंदन जैन ने विद्यार्थियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि अपनी सफलता की खुशी के साथ एक बार उन माता-पिता की आंखों से भी इस उपलब्धि को देखें, जिन्होंने अपनी अनेक इच्छाओं को पीछे रखकर बच्चों के सपनों को पूरा किया। जिन्होंने अपनी सुविधाओं से पहले बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दी, अपनी परेशानियों को छिपाकर उनकी आकांक्षाओं को नई उड़ान दी और उनके भविष्य के लिए निरंतर त्याग किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से ऐसे सभी माता-पिता के सम्मान में जोरदार तालियों के साथ अभिनंदन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक विरासत केवल परंपराओं को संजोकर रखने में नहीं, बल्कि अपनी उपलब्धियों, संस्कारों और उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से उसे आगे बढ़ाने में है।
समारोह में हाल ही में संपन्न बीकानेर नगर निगम चुनावों में निर्वाचित जैन समाज के पांच पार्षदों का विशेष अभिनंदन किया गया। इनमें लक्ष्मी देवी कातेला, दिलीप बांठिया, धर्मवीर नाहटा, नवरतन डागा एवं संजय राखेचा शामिल रहे। मेयर अनिल कल्ला, सिविल अभिनंदन जैन एवं उपस्थित अतिथियों का भी महासभा की ओर से पूर्व अध्यक्ष जयचंदलाल डागा, जतनलाल संचेती की ओर से सम्मान किया गया।
प्रतिभा सम्मान समारोह के संयोजक डॉ. नितेश आसानी ने बताया कि आयोजन के लिए 114 से अधिक प्रतिभाओं का पंजीकरण हुआ था। डॉ. बबीता जैन ने बताया कि शिक्षा के साथ खेलकूद, स्काउट, एनएसएस, समाजसेवा, साहित्य, कला एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

