(अपडेट) जगतपुरा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई : प्रभावित क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं बहाल
जयपुर, 08 जून (हि.स.)। जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा सोमवार को चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के कई थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रखी गईं। हालांकि स्थिति सामान्य रहने पर प्रशासन ने शाम करीब सात बजे इंटरनेट सेवाएं पुनः बहाल कर दीं।
जेडीए ने नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क की चौड़ाई 80 फीट करने के लिए कार्रवाई करते हुए पांच धार्मिक स्थलों सहित 125 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाया। अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत नंदपुरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखी गई। सड़कों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही सीमित की गई तथा ड्रोन कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। पुलिस ने छतों पर मौजूद लोगों को माइक के जरिए नीचे उतरने के निर्देश दिए और फोटो एवं वीडियो बनाने से भी परहेज करने की अपील की।
संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से रविवार रात जारी आदेश में जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व जिले के कई थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस, एमएमएस तथा सोशल मीडिया सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाई थी। प्रतिबंधित क्षेत्रों में रामगंज, गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, शास्त्री नगर, विद्याधर नगर, बस्सी, कानोता, आदर्श नगर, जवाहर नगर, गांधी नगर, मालवीय नगर, सांगानेर, प्रताप नगर सहित अनेक थाना क्षेत्र शामिल रहे।
इंटरनेट बंदी का असर सोमवार को आम जनजीवन और कारोबार पर भी दिखाई दिया। ऑनलाइन भुगतान और डिजिटल सेवाओं पर निर्भर व्यापारियों, ऑटो चालकों तथा होम डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जुड़े राइडर्स को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा। कई छोटे व्यापारियों ने बिक्री में गिरावट की बात कही, जबकि ऑनलाइन बुकिंग पर निर्भर ऑटो चालकों और डिलीवरी कर्मियों का कामकाज लगभग ठप रहा।
ऑटो चालक प्रेम प्रकाश और दिलीप ने बताया कि इंटरनेट सेवा बाधित रहने के कारण उन्हें पूरे दिन ऑनलाइन बुकिंग नहीं मिली। वहीं रेहड़ी संचालकों और चाय विक्रेताओं ने डिजिटल भुगतान प्रभावित होने से कारोबार में कमी आने की जानकारी दी। ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जुड़े राइडर्स ने भी ऑर्डर नहीं मिलने से आय प्रभावित होने की बात कही।
जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

