बाल संरक्षण को लेकर एनएलयू और सी-लैब में एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
बाल संरक्षण को लेकर एनएलयू और सी-लैब में एमओयू


जोधपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जोधपुर (एनएलयूजे) और इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन (आईसीपी) के सेंटर फॉर लीगल एक्शन एंड बिहेवियर चेंज फॉर चिल्ड्रेन (सी-लैब) ने बाल संरक्षण के क्षेत्र में शोध, सर्टिफिकेट कोर्स और क्षमता निर्माण से जुड़ी पहल करने के लिए हाथ मिलाया है। इस सहयोग के दायरे में डिजिटल सुरक्षा, बाल अधिकार और मानवाधिकार समेत बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषय शामिल हैं। इस समझौते पर नई दिल्ली में एनएलयू जोधपुर की कुलपति प्रो. (डॉ.) हरप्रीत कौर और इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के ट्रस्टी रजत कुमार ने हस्ताक्षर किए।

21वीं सदी में कानून, तकनीक और समाज के बीच बढ़ती परस्पर निर्भरता को देखते हुए तथा बाल सुरक्षा और मानवाधिकार के क्षेत्र में मजबूत ज्ञान आधार, बेहतर अंतरविषयक शिक्षा एवं शोध और क्षमता निर्माण की आवश्यकता को समझते हुए, एनएलयू जोधपुर और सी-लैब ने इन क्षेत्रों में शोध, ज्ञान के विकास और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने के लिए एक संस्थागत सहयोग ढांचा तैयार करने पर सहमति जताई है। इस समझौते के तहत सहयोग के पांच प्रमुख क्षेत्र तय किए गए हैं।

पहला, अकादमिक और पेशेवर सर्टिफिकेट कोर्स तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना। दूसरा शोध अध्ययन, प्रकाशन, ज्ञान संसाधन और अकादमिक या नीतिगत दृष्टि से उपयोगी अन्य सामग्री तैयार करना। तीसरा कानून प्रवर्तन एजेंसियों, कानूनी पेशेवरों, शिक्षकों और नागरिक समाज संगठनों जैसे विभिन्न हितधारकों के लिए क्षमता निर्माण और ज्ञान के आदान-प्रदान पर काम करना।

चौथा छात्रों की भागीदारी और उन्हें व्यावहारिक अनुभव के जरिए सीखने के अवसर उपलब्ध कराना है, जिसमें इंटर्नशिप, फील्ड आधारित लर्निंग और आउटरीच गतिविधियां शामिल हैं। पांचवां सेमिनार, कार्यशालाएं, सम्मेलन, व्याख्यान और ज्ञान के आदान-प्रदान से जुड़ी अन्य अकादमिक गतिविधियां आयोजित करना है।

इसके अलावा, एनएलयू जोधपुर और सी-लैब संयुक्त शोध प्रस्तावों और प्रकाशनों, विषय आधारित कार्य समूह बनाना, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, कार्यशालाओं और सेमिनारों तथा कानून, तकनीक, बाल सुरक्षा और मानवाधिकार से जुड़े ज्ञान भंडार और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने के लिए भी सहयोग करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story