जिला कलेक्टर ने आईस्टार्ट नेस्ट इनक्यूबेशन सेंटर का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जिला कलेक्टर ने आईस्टार्ट नेस्ट इनक्यूबेशन सेंटर का किया निरीक्षण


जोधपुर, 26 मई (हि.स.)। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने मंगलवार को जोधपुर स्थित आईस्टार्ट नेस्ट इनक्यूबेशन सेंटर का दौरा कर केंद्र में संचालित स्टार्टअप, नवाचार एवं उद्यमिता गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सेंटर में संचालित विभिन्न गतिविधियों, नवाचार परियोजनाओं तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम के माध्यम से युवाओं को उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने स्टार्टअप फाउंडर्स, युवा नवप्रवर्तकों, इनक्यूबेशन टीम सदस्यों एवं मेंटर्स से संवाद किया तथा उनके नवाचारों, कार्यों, चुनौतियों एवं भावी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्टार्टअप प्रतिनिधियों से उनके कार्यों की प्रगति, व्यावसायिक विस्तार की संभावनाओं तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में योगदान के विषय में भी चर्चा की।

स्टार्टअप प्रतिनिधियों द्वारा जिला कलक्टर के समक्ष प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कृषि एवं डिजिटल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नवाचार उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया गया। जिला कलक्टर ने इन नवाचारों का अवलोकन करते हुए कहा कि स्थानीय आवश्यकताओं एवं सामाजिक चुनौतियों के समाधान आधारित स्टार्टअप भविष्य में विकास के महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं।

प्रदर्शन एवं विजिटर्स अवेयरनेस बढ़ाने के निर्देश

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनक्यूबेशन सेंटर में स्टार्टअप उपलब्धियों, नवाचारी उत्पादों, संचालित गतिविधियों, सफलता की कहानियों तथा प्रमुख उपलब्धियों के प्रभावी प्रदर्शन सुव्यवस्थित डिस्प्ले बोर्ड एवं सूचना पैनल स्थापित किए जाएं, ताकि केंद्र पर आने वाले आगंतुकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को स्टार्टअप इकोसिस्टम की गतिविधियों की बेहतर जानकारी मिल सके तथा नवाचार के प्रति जागरूकता एवं रुचि बढ़े। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि केंद्र में विकसित स्टार्टअप्स की प्रगति, रोजगार सृजन, प्रशिक्षण गतिविधियों एवं उपलब्धियों का नियमित दस्तावेजीकरण किया जाए तथा इसे प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story