राजस्थान की बेटी ख्वाइश शर्मा आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप के लिए चयनित
जयपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय शूटिंग कैलेंडर के प्रतिष्ठित आयोजन आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप राइफ़ल-पिस्तौल-शॉटगन में राजस्थान की बेटी ख्वाइश शर्मा भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता 19 से 27 अप्रैल तक मिस्र के काहिरा में आयोजित होगी, जिसमें दुनिया भर के युवा निशानेबाज हिस्सा लेंगे।
जयपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही ख्वाइश 50 मीटर राइफल और 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धाओं में विशेषज्ञता रखती हैं। वर्तमान में वह 50 मीटर राइफल वर्ग में देश की शीर्ष 10 जूनियर शूटरों में शामिल हैं, जो उनकी निरंतरता और तकनीकी दक्षता को दर्शाता है।
हाल ही में उन्होंने अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में रजत पदक और 67वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण व रजत पदक जीतकर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें 26 जनवरी को राजस्थान सरकार द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

