ईसरदा बांध का कार्य जल्द पूरा करें: मुख्य सचिव
जयपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। सवाई माधोपुर और दौसा जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण ईसरदा बांध का निर्माण कार्य इस वर्ष जुलाई तक पूरा हो जाएगा। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को परियोजना प्रगति की समीक्षा के बाद कहा कि प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के प्रथम चरण के शेष रहे सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार इस बांध परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध हैं। इसी क्रम में परियोजना में धरातल पर कार्यरत अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा की गई है। जल्द ही यह महत्वकांक्षी योजना पूरी हो जाएगी और इससे लाखों लोगों को पेयजल आपूर्ति हो सकेगी। साथ ही टोंक जिले के भूजल स्तर में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि 1,038.65 करोड़ रुपये लागत वाली यह बांध परियोजना पूर्वी राजस्थान के कई जिलों को पीने और सिंचाई के लिए पानी आपूर्ति करने वाली राम जल सेतु लिंक परियोजना का महत्वपूर्ण घटक है।
मुख्य सचिव ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार परियोजना को समय पर पूरा करने और गुणवत्ता के प्रति बेहद गंभीर और संवेदनशील है। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में निर्माण कार्य की गहराई से नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बांध पर दौरा कर निर्माण कार्यों की मौके पर वास्तविक प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का अवलोकन किया तथा साइट इंजीनियर्स एवं फील्ड स्टाफ के साथ विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से बांध पर लिफ्ट, इनटेक वेल तथा पम्प सिस्टम तथा जल के प्रबंधन के लिए स्काडा सिस्टम की जानकारी ली और इन्स्पेक्शन टनल सभी निर्माण कार्य समय पर पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि परियोजना में कार्यरत अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण कार्य के जरिए बड़ी संख्या में आम लोगों की सेवा करने का मौका मिला है। इंजीनियर का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि वे दिल लगा कर काम पूरा करें। उन्होंने जल्द ही फिर से प्रोजेक्ट का दौरा करने का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि लगभग 1038.65 करोड़ की यह महत्वपूर्ण परियोजना पूर्वी राजस्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगी। प्रथम चरण में आर.एल. 256 मीटर तक जल संग्रहण (3.24 टीएमसी) के माध्यम से दौसा जिले के 1079 ग्राम व 5 शहर तथा सवाई माधोपुर जिले के 177 ग्राम व 1 शहर सहित लगभग 35.13 लाख आबादी को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। द्वितीय चरण पूर्ण होने पर बांध की भंडारण क्षमता 10.77 टीएमसी तक बढ़ेगी।
गौरतलब है कि इंटेक वेल एवं पम्प हाउस के माध्यम से दौसा एवं सवाई माधोपुर के 1256 ग्रामों को पेयजल आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गेटों की ऊंचाई बढ़ाने सहित द्वितीय चरण के कार्यों को तय समय तक पूर्ण किया जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग एवं विभागीय समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
विश्राम गृह में मुख्य सचिव ने जिला कलक्टर सवाईमाधोपुर काना राम, जिला कलक्टर टोंक टीना डाबी, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी सहित बांध परियोजना के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा जून माह में पुनः निरीक्षण करने की बात कही।
सर्किट हाउस टोंक में मुख्य सचिव ने राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं में टोंक जिले की प्रगति को लेकर जिला कलेक्टर टोंक एवं जिला अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही कानून व्यवस्था के संबंध में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना से चर्चा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

