आईआईटी जोधपुर में राष्ट्रीय स्तरीय आई राइज ऑपरेटर प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी जोधपुर में राष्ट्रीय स्तरीय आई राइज ऑपरेटर प्रशिक्षण शुरू


जोधपुर, 24 मार्च (हि.स.)। प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार भारत सरकार के कार्यालय के अंतर्गत संचालित प्रमुख क्षमता निर्माण पहल आई राइज ऑपरेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर में आज से शुरू हुआ। कार्यक्रम में देशभर से लगभग 100 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं, जिनमें इंजीनियरिंग छात्र, डिप्लोमा धारक, प्रयोगशाला ऑपरेटर, पीएचडी शोधार्थी, संकाय सदस्य, तकनीकी स्टाफ तथा उद्योग विशेषज्ञ शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य उन्नत वैज्ञानिक उपकरणों के उपयोग में तकनीकी दक्षता बढ़ाना तथा राष्ट्रीय स्तर पर सार्वजनिक रूप से वित्तपोषित अनुसंधान अवसंरचना के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना है।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए आईआईटी जोधपुर के निदेशक प्रो. अविनाश कुमार अग्रवाल ने इस कार्यक्रम को विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने सशक्त मानव संसाधन के निर्माण तथा शिक्षा, उद्योग और सरकार के बीच सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे सार्वजनिक अनुसंधान अवसंरचना तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित की जा सके और राष्ट्रीय अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ किया जा सके।

डॉ. विशाल चौधरी ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्लस्टर्स की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल विभिन्न संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देती है। डॉ. श्याम सुंदर धाकर ने राजस्थान में अनुसंधान सुविधाओं की उपलब्धता पर अपने विचार साझा किए, जबकि डॉ. हरिलाल भास्कर ने उन्नत अनुसंधान सुविधाओं तक पहुंच की जानकारी दी।

इससे पूर्व डॉ. रवि प्रकाश श्रीवास्तव ने केंद्रीय अनुसंधान सुविधा का परिचय देते हुए इसके अंत:विषय अनुसंधान में योगदान को रेखांकित किया। साथ ही प्रो. सुनील कुमार खिजवानिया, प्रो. श्री प्रकाश तिवारी एवं प्रो. संपत राज वडेरा ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया।

कार्यक्रम में दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, असम विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, एमबीएम विश्वविद्यालय जोधपुर, मोहनलाल सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय सहित देश के अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। दूसरे दिन प्रतिभागियों को सीआरएफ में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें उपकरणों के संचालन, रखरखाव और कैलिब्रेशन की जानकारी दी जाएगी। यह कार्यक्रम डॉ. आकांक्षा चौधरी के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सीआरएफ टीम का तकनीकी सहयोग डॉ. रवि प्रकाश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में प्राप्त हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story