ट्रेन में छूटा 76 हजार का आईफोन सुरक्षित लौटा, भरतपुर में चोरी हुआ मोबाइल भी बरामद

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन में छूटा 76 हजार का आईफोन सुरक्षित लौटा, भरतपुर में चोरी हुआ मोबाइल भी बरामद


काेटा, 21 सितंबर (हि.स.)। कोटा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से दो यात्रियों को अपने मोबाइल वापस मिल सके। गंगापुर सिटी में गाड़ी संख्या 12060 के सी-3 कोच में छूटा करीब 76 हजार रुपये मूल्य का आईफोन-16 सुरक्षित यात्री तक पहुंचाया गया, जबकि भरतपुर स्टेशन पर सो रहे यात्री का चोरी हुआ करीब 15 हजार रुपये का मोबाइल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश कर बरामद किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि दिल्ली निवासी 46 वर्षीय संजय शर्मा अपनी पत्नी के साथ गाड़ी संख्या 12060 के सी-3 कोच में हजरत निजामुद्दीन से गंगापुर सिटी तक यात्रा कर रहे थे। गंगापुर सिटी स्टेशन पर उतरने के बाद ट्रेन रवाना हो गई, तभी उन्हें याद आया कि उनका आईफोन-16 सीट पर ही छूट गया है। उन्होंने तत्काल ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ओमेंद्र सिंह को इसकी जानकारी दी। आरक्षक ने बिना समय गंवाए सवाई माधोपुर आरपीएफ पोस्ट से संपर्क किया और आगे की कार्रवाई कर मोबाइल को सुरक्षित प्राप्त कराया। बाद में मोबाइल गंगापुर सिटी मंगवाया गया। संजय शर्मा द्वारा फोन की पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद उप निरीक्षक अशोक राम मीणा ने करीब 76 हजार रुपये मूल्य का आईफोन सुपुर्दगीनामा के तहत उन्हें सौंप दिया। यह कार्रवाई आरपीएफ के ऑपरेशन ‘अमानत’ के तहत की गई।

दूसरा मामला भरतपुर रेलवे स्टेशन का है। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के निवासी 54 वर्षीय वीरेन्द्र सिंह स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार क्षेत्र में सो रहे थे। उन्होंने अपना करीब 15 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल पास में रखा था। सुबह करीब 4:20 बजे नींद खुलने पर मोबाइल गायब मिला। सूचना पर आरपीएफ भरतपुर के प्रधान आरक्षक विनोद कुमार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति मोबाइल लेकर जाता दिखाई दिया। उसके हुलिए के आधार पर स्टेशन परिसर में तलाश शुरू की गई और टावर वैगन शेड की ओर से आते एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर मोबाइल रेलवे यार्ड क्षेत्र से बरामद कर लिया गया।

मामला यात्री सामान की चोरी से संबंधित होने के कारण बरामद मोबाइल और संदिग्ध व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस, भरतपुर को सुपुर्द किया गया।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा और स्टेशन पर ठहराव के दौरान मोबाइल, पर्स, बैग एवं अन्य कीमती सामान के प्रति सतर्क रहें। किसी सामान के छूटने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत रेलवे सुरक्षा बल, स्टेशन स्टाफ अथवा रेल मदद 139 पर सूचना दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story