बज्जू प्रकरण में जांच तेज, दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा

WhatsApp Channel Join Now
बज्जू प्रकरण में जांच तेज, दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा


जयपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या के गंभीर मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है। घटना की एफआईआर दर्ज होते ही वृताधिकारी को जांच के आदेश दे दिए गए थे और विभिन्न पुलिस टीमें सक्रिय रूप से अनुसंधान में जुटी हुई हैं।

शून्यकाल के दौरान विधायक डूंगरराम गेदर द्वारा उठाए गए इस संवेदनशील मुद्दे पर जवाब देते हुए मंत्री ने बताया कि घटना स्थल से साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन किया गया है। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं। पुलिस की विशेष टीमें संभावित आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

मंत्री ने कहा कि पीड़िता के परिजनों तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और हर पहलू से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है तथा दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

सरकार इस प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story