33 केवी बिजली लाइन के पोल पर चढ़ा नशे में धुत मजदूर

WhatsApp Channel Join Now
33 केवी बिजली लाइन के पोल पर चढ़ा नशे में धुत मजदूर


जयपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। खोराबीसल इलाके में रविवार सुबह नशे की हालत में एक मजदूर 33 केवी की हाई वोल्टेज बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और पोल पर ही फंस गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे खोराबीसल थाने के कांस्टेबल सुनील कुमार ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा। घायल को उपचार के लिए कांवटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह करीब पौने आठ बजे औद्योगिक क्षेत्र में मोती लाल (50) निवासी मध्य प्रदेश हाल निवासी बावड़ी तरहटी बच्ची बस्ती नशे की हालत में 33 केवी बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गया। पोल पर पहुंचते ही उसे करंट लग गया, जिससे वह झुलसकर पोल और तारों के बीच फंस गया। दर्द से परेशान मजदूर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी।

सूचना मिलने पर चेतक वाहन से कांस्टेबल सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। मजदूर को फंसा देखकर उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से उसे नीचे उतारने का प्रयास किया। इस दौरान दो-तीन स्थानीय नागरिक भी मदद के लिए आगे आए। रस्सी की सहायता से झुलसे मजदूर को नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे एम्बुलेंस की मदद से कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। समय पर किए गए बचाव प्रयासों से मजदूर को अस्पताल पहुंचाया जा सका। घटना के बाद कॉन्स्टेबल सुनील कुमार और मदद करने वाले स्थानीय लोगों की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763214 Articles

Share this story