वैशाख अमावस्या पर पुष्कर सरोवर को 1800 मीटर लंबी पगड़ी अर्पित, वैश्य समाज का भव्य आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
वैशाख अमावस्या पर पुष्कर सरोवर को 1800 मीटर लंबी पगड़ी अर्पित, वैश्य समाज का भव्य आयोजन


वैशाख अमावस्या पर पुष्कर सरोवर को 1800 मीटर लंबी पगड़ी अर्पित, वैश्य समाज का भव्य आयोजन


अजमेर, 17 अप्रैल (हि.स.)। तीर्थ नगरी पुष्कर में वैशाख मास की अमावस्या के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन जिला शाखा अजमेर की महिला एवं युवा इकाई के तत्वावधान में पवित्र सरोवर को पगड़ी धारण कराने का अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

संस्था के जिला महामंत्री उमेश गर्ग ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से अध्यात्म, संस्कृति और सामाजिक एकता का समन्वय प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के तहत करीब 1800 मीटर लंबी पगड़ी पुष्कर सरोवर को अर्पित की गई। साथ ही अभिषेक, महाआरती, भजन संध्या और भगवान का विशेष श्रृंगार भी किया गया। आयोजन का उद्देश्य समाज में भक्ति, समर्पण और संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

महिला शाखा अध्यक्ष श्रीमती वर्षा फतहपुरिया ने बताया कि इस कार्यक्रम में अजमेर के साथ-साथ जयपुर सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। पगड़ी धारण के बाद पं. रविकांत शर्मा ने वराह घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना कराई। आयोजन के लिए 52 घाटों के अनुरूप 52 यजमान बनाए गए थे, जबकि करीब 200 महिलाओं और पुरुषों ने पगड़ी धारण कार्यक्रम में सहयोग दिया। युवाओं ने भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

हालांकि भीषण गर्मी के कारण कार्यक्रम निर्धारित समय से विलंब से शुरू हुआ। शाम 4 बजे प्रस्तावित आयोजन लगभग 5 बजे प्रारंभ हो सका। घाट पर पहुंचने के बाद कुछ समय तक अव्यवस्था भी देखने को मिली, जहां कई महिलाएं सेल्फी लेने में व्यस्त रहीं और बार-बार घोषणा के बावजूद कार्यक्रम में देरी होती रही।

बाद में स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों की मदद से लकड़ियों के सहारे पगड़ी को व्यवस्थित किया गया, लेकिन तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पगड़ी नीचे गिर गई। युवाओं ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें उठाकर घाट के पिलरों पर व्यवस्थित किया।

युवा अध्यक्ष पुष्पेंद्र पहाड़िया ने बताया कि इस महत्वपूर्ण आयोजन में युवा शाखा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे कार्यक्रम अंततः सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story