अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छाई जयपुरी रजाई, 500 ग्राम की रजाई बनी आकर्षण का केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छाई जयपुरी रजाई, 500 ग्राम की रजाई बनी आकर्षण का केंद्र


जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे 45वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले-2026 में राजस्थान मंडप की जयपुरी रजाईयां देश-विदेश से आए आगंतुकों को आकर्षित कर रही हैं। हल्के वजन, कोमलता और गर्माहट के कारण जयपुरी रजाइयों की विशेष मांग देखने को मिल रही है। खास तौर पर 500 ग्राम वजन की रजाई आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

राजस्थान मंडप में जयपुरी रजाईयों के स्टॉल संचालक अब्दुल रउफ ने बताया कि जयपुरी रजाई बनाना उनके परिवार का पांच पीढ़ियों पुराना वंशानुगत व्यवसाय है। रजाई तैयार करने में परिवार के बुजुर्गों के साथ महिलाएं भी योगदान देती हैं। उन्होंने बताया कि रजाई बनाने में उच्च गुणवत्ता वाली शुद्ध कपास का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे कम वजन के बावजूद रजाई गर्म और आरामदायक रहती है।

स्टॉल पर पारंपरिक राजस्थानी डिजाइनों के साथ आधुनिक डिजाइनों में भी रजाईयां उपलब्ध हैं।

बच्चों के लिए विशेष आकार और आकृति की रजाईयां भी लोगों को पसंद आ रही हैं। इस वर्ष जयपुरी रजाईयों की कीमत 1,200 से 4,500 रुपये तक रखी गई है।

स्टॉल पर राजस्थान की शुद्ध कपास से तैयार सांगानेरी हाथ से छपी डबल बेड की जयपुरी रजाईयां भी उपलब्ध हैं। अपनी हल्के वजन, कोमलता और गर्माहट के लिए प्रसिद्ध जयपुरी रजाइयां मेले में राजस्थान की पारंपरिक हस्तकला और घरेलू उद्योग की पहचान को भी प्रदर्शित कर रही हैं।

अब्दुल रउफ ने बताया कि जयपुरी रजाई बनाने की कला के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ उद्यमी सहित विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

उनका कहना है कि ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता और उनकी जरूरत के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

जयपुरी रजाईयों के अलावा राजस्थान मंडप के स्टॉल पर रूई से बनी जैकेट भी उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 800 से 2,000 रुपये तक है। व्यापार मेले में जयपुरी रजाईयों की बढ़ती पसंद राजस्थान की पारंपरिक कारीगरी के प्रति लोगों के आकर्षण को दर्शा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778840 Articles

Share this story