अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस का पोस्टर का विमोचन

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस का पोस्टर का विमोचन


जयपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस के अवसर पर आमजन को सर्पदंश से बचाव, प्राथमिक उपचार और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। संयुक्त निदेशक, जोन जयपुर डॉ. यदुराज सिंह नाथावत ने पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान संस्थापन अधिकारी बबलेश आर्य सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत और सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि राष्ट्रीय सर्पदंश विषाक्तता निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत यह जागरूकता गतिविधि आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य सर्पदंश जैसी गंभीर, लेकिन रोकथाम योग्य जनस्वास्थ्य समस्या के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय प्रभावित व्यक्ति को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पहुंचाना चाहिए। झाड़-फूंक, घरेलू उपचार और अंधविश्वास के चलते उपचार में देरी जानलेवा हो सकती है। सर्पदंश होने पर बिना समय गंवाए चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की गई।

डिप्टी सीएमएचओ (हैल्थ) प्रथम डॉ. विनोद कुमार शर्मा और डिप्टी सीएमएचओ (हैल्थ) द्वितीय डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस की थीम ‘सर्पदंश से बचे व्यक्ति एवं रेस्क्यूर्स: बदलाव के चैंपियन’ रखी गई है। इसके तहत स्वास्थ्य विशेषज्ञों, सर्पदंश से बचे व्यक्तियों तथा प्रमाणित एवं मान्यता प्राप्त सर्प रेस्क्यूर्स की सहभागिता से अनुभव साझा करने और जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सर्पदंश के बाद समय पर उचित चिकित्सा उपचार मिलने से गंभीर जटिलताओं और मृत्यु के जोखिम को कम किया जा सकता है। अधिकारियों ने आमजन से सर्पदंश की स्थिति में अंधविश्वास के बजाय तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story