अंतरराष्ट्रीय हास्य महोत्सव:गांधी वाटिका में सजा हास्य का महाकुंभ

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय हास्य महोत्सव:गांधी वाटिका में सजा हास्य का महाकुंभ


अंतरराष्ट्रीय हास्य महोत्सव:गांधी वाटिका में सजा हास्य का महाकुंभ


जयपुर, 05 मई (हि.स.)। विश्व हास्य दिवस के उपलक्ष्य में योगापीस संस्थान द्वारा आयोजित “अंतरराष्ट्रीय हास्य महोत्सव ” गांधी वाटिका, सेंट्रल पार्क में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस महोत्सव का शुभारंभ महर्षि पतंजलि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर मुख्य अतिथि ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा, विशिष्ट अतिथि पुरातत्व विभाग के अधीक्षक नीरज कुमार त्रिपाठी, योगापीस संस्थान के संस्थापक योगाचार्य ढाकाराम, संरक्षक अशोक कुमार कोठारी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री योगाचार्य मनीष सूर्यवंशी, डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. अभिनव जोशी तथा वरिष्ठ पत्रकार हरि सिंह सोलंकी ने किया।

पीठाधीश्वर महंत अवधेशाचार्य महाराज ने कहा कि जैसे दीपक बाहर उजाला करता है, वैसे ही हास्य रस हमारे अंतर्मन के अंधकार को दूर करता है और जीवन में आंतरिक शांति व प्रसन्नता लाता है। योगाचार्य ढाकाराम ने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में हंसी ही सबसे बड़ा उपचार है और “तीन इंच की मुस्कान” उत्तम स्वास्थ्य का प्रतीक है।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण हास्य प्रतियोगिता रही, जिसमें जयपुर के प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब हंसाया। प्रतियोगिता में “हंसी के धुरंधर” टीम प्रथम रही, जिसे 21 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया। “लाफिंग वायरस” टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 11 हजार रुपए जीते, जबकि “हंसी के रसगुल्ले” (पूनम फाउंडेशन) टीम तृतीय रही, जिसे 5100 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया।

निर्णायक मंडल में अर्चना त्यागी, योगाचार्य ललित मदान, योगाचार्य सुरेंद्र शर्मा और डॉ. अरुण जोशी शामिल रहे। विजेताओं को पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, शरद खंडेलवाल, सौम्या गुर्जर, मेघ सिंह चौहान और विष्णु सिंह जादौन ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन योगी अरविंद सेजवान, आरजे रविन्द्र एवं योगी आशीष कोठारी ने किया। इस अवसर पर योगाचार्य महेंद्र शर्मा, लक्ष्मीकांत मीणा, इंद्रा शर्मा, मुक्ता गुप्ता और सुभाष सर्राफ सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अंत में राष्ट्रीय संगठन मंत्री मनीष सूर्यवंशी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योगापीस संस्थान का उद्देश्य हर चेहरे पर मुस्कान लाना है और इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story