पेटेंट, डिजाइन पंजीकरण व ट्रेडमार्क की जानकारी दी

WhatsApp Channel Join Now
पेटेंट, डिजाइन पंजीकरण व ट्रेडमार्क की जानकारी दी


राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में बौद्धिक संपदा अधिकार विषय कार्यशाला आयोजित

जोधपुर, 25 अपै्रल (हि.स.)। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज जोधपुर में बौद्धिक संपदा अधिकार विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, राजस्थान सरकार के प्रायोजन से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नवाचार, अनुसंधान तथा बौद्धिक संपदा के संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आधुनिक प्रतिस्पर्धी युग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पेटेंट एवं डिज़ाइन परीक्षक संजय देवड़ा ने अपने व्याख्यान में पेटेंट प्रणाली, डिज़ाइन पंजीकरण, ट्रेडमार्क तथा नवाचार संरक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया को सरल भाषा एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि आज के ज्ञान-आधारित युग में बौद्धिक संपदा का संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने नवाचारों को केवल विचार तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें पेटेंट कराकर व्यावसायिक रूप से उपयोग में लाएं।

विशिष्ट वक्ता अधिवक्ता आशीष पुरोहित ने अपने संबोधन में विभिन्न कानूनी पहलुओं की गहन जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय माथुर ने की। कार्यक्रम के प्रभारी राजेश बिश्नोई ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि संस्थान विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक एवं नवाचार आधारित शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम का मंच संचालन टीआर. राठौड़ द्वारा किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story