उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा तेज करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा तेज करने के दिए निर्देश


जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के पर्यटन विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को पर्यटन भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य की दो अहम पर्यटन परियोजनाओं महाराणा प्रताप सर्किट और अजमेर–पुष्कर ब्रह्मा मंदिर विकास योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने दोनों परियोजनाओं पर प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया, जिसमें प्रस्तावित कार्यों, बजट, संभावित आकर्षणों, विकास मॉडल और पर्यटक सुविधाओं के उन्नयन से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रजेंटेशन का बारीकी से अवलोकन करते हुए परियोजनाओं में हो रही प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि महाराणा प्रताप सर्किट और अजमेर–पुष्कर ब्रह्मा मंदिर परियोजना राजस्थान के पर्यटन मानचित्र को नई दिशा देने वाली योजनाएं हैं, इसलिए इनके कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाएं पूर्ण होने पर राज्य में ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

पुष्कर से संबंधित प्रस्तुतिकरण में वहां के प्रमुख आकर्षणों, धार्मिक महत्व, पर्यटक प्रवाह और भविष्य की संभावनाओं पर भी विस्तृत रूप से चर्चा हुई। दिया कुमारी ने निर्देश दिए कि पुष्कर में पर्यटक सुविधाओं को सुदृढ़ करने, भीड़ प्रबंधन, बुनियादी ढांचे के विस्तार और सौंदर्यीकरण कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राजस्थान की समृद्ध विरासत और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। ऐसे में इन परियोजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, परियोजना प्रभारी और संबंधित तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story