जिला कलेक्टर ने किया प्रादेशिक परिवहन कार्यालय का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जिला कलेक्टर ने किया प्रादेशिक परिवहन कार्यालय का निरीक्षण


जोधपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने शुक्रवार को प्रादेशिक परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों, सडक़ सुरक्षा उपायों, प्रवर्तन गतिविधियों एवं आमजन से संबंधित सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रादेशिक परिवहन अधिकारी पीआर जाट, जिला परिवहन अधिकारी मृदुला शेखावत सहित कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला कलेक्टर ने कार्यालय की सडक़ दुर्घटना शाखा, प्रवर्तन एवं चालान शाखा, लेखा शाखा तथा लाइसेंस से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों की प्रभावी पालना, सार्वजनिक परिवहन वाहनों में सुरक्षा मानकों तथा विभागीय कार्यों के डिजिटलीकरण की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

जिला कलेक्टर ने एकीकृत सडक़ दुर्घटना डेटाबेस (आई-रैड) के आधार पर जिले में चिह्नित दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की जानकारी ली। उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स पर अब तक की गई सुधारात्मक कार्रवाइयों, दुर्घटनाओं के कारणों तथा संबंधित विभागों के साथ किए जा रहे समन्वय की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित स्थलों का नियमित निरीक्षण कर सडक़ अभियांत्रिकी से संबंधित कमियों, संकेतकों, प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर्स एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों को समयबद्ध रूप से दुरुस्त कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने चालान से संबंधित पत्रावलियों की जांच की तथा लंबित एवं निस्तारित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने ऐसे वाहन स्वामियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की, जिनके वाहनों पर एक से अधिक चालान लंबित हैं अथवा जो लगातार परिवहन नियमों का उल्लंघन करते हुए डिफॉल्टर की श्रेणी में हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मल्टीपल चालान वाले वाहनों एवं बकायादारों की नियमित सूची तैयार कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही चालान प्रकरणों का रिकॉर्ड अद्यतन रखने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

फिटनेस प्रमाण-पत्र समाप्त वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश

जिला कलेक्टर ने व्यावसायिक एवं सार्वजनिक परिवहन वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्रों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र के संचालित वाहनों की नियमित जांच की जाए तथा ऐसे वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला कलेक्टर ने सार्वजनिक परिवहन बसों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। उन्होंने बसों की फिटनेस, आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण, सुरक्षा मानकों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने आवेदनों के परीक्षण, ड्राइविंग टेस्ट, दस्तावेजों के सत्यापन तथा प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया का अवलोकन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story