डीआरएम ने की सुरक्षा व संरक्षा मानकों की जांच

WhatsApp Channel Join Now
डीआरएम ने की सुरक्षा व संरक्षा मानकों की जांच


जोधपुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में संरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर मंगलवार को सख्ती देखने को मिली। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जोधपुर-बनाड़ रेलखंड का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

डीआरएम ने जोधपुर-राईका बाग-जोधपुर कैंट रेलवे स्टेशनों का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे लाइनों के आसपास फैली गंदगी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों द्वारा जगह-जगह तोड़ी जा रही रेलवे की दीवारों की मरम्मत करवाने तथा दोषियों की पहचान सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद उन्होंने बनाड़ रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

स्टेशन परिसर में फीकी पड़ चुकी नाम पट्टिकाओं के नवीनीकरण, प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पेड़ों की ट्रिमिंग, दीवारों के रंग-रोगन, पानी की प्याऊ की स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी व्यवस्था और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं के बेहतर संरक्षण के निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन पर अन्य आवश्यक सेवाओं के उन्नयन पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (लाइन) ललित कुमार सहित बड़ी संख्या में इंस्पेक्टर और सुपरवाइजर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story