डूंगरपुर में रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान; 120 किलो दूषित सामग्री नष्ट, 26 सैंपल लैब भेजे

WhatsApp Channel Join Now
डूंगरपुर में रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान; 120 किलो दूषित सामग्री नष्ट, 26 सैंपल लैब भेजे


डूंगरपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। आगामी रक्षाबंधन के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने और शुद्ध खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह से सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलंकार गुप्ता के सीधे निर्देशन में विभाग की विशेष टीमों ने जिलेभर में व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान की शुरुआत की है। इस कार्रवाई के तहत करीब 120 किलोग्राम दूषित एवं अवधिपार (एक्सपायरी) खाद्य सामग्री को मौके पर ही जब्त कर नष्ट करवाया गया, वहीं गुणवत्ता की गहन जांच के लिए 26 संदिग्ध सैंपल संग्रहित किए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी आसिमदीन ने बताया कि विभाग की टीम ने सागवाड़ा, आसपुर, बिछीवाड़ा और सीमलवाड़ा ब्लॉक के विभिन्न बाजार क्षेत्रों तथा खाद्य प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दूध, मसाले, मावा मिठाइयां, छेना मिठाइयां और पनीर के कुल 26 संदेहास्पद नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला बांसवाड़ा भिजवा दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के कड़े प्रावधानों के तहत संबंधित विक्रेताओं पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा दल के अधिकारी राकेश पुष्करणा और राहुल परमार भी शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान विभागीय दल ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में उच्च स्तरीय साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। विक्रेताओं को एफएसएस एक्ट के नियमों की अनुपालना करने तथा अपना खाद्य लाइसेंस दुकान पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने हेतु निर्देशित किया गया। जिन दुकानों पर स्वच्छता मानकों में लापरवाही पाई गई, उन्हें मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस थमाया गया है।

सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में आमजन की सेहत से समझौता करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में न्याय निर्णयन अधिकारी, डूंगरपुर द्वारा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 9 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सख्त रुख अपनाते हुए कुल 11,15,000 रुपये का भारी जुर्माना भी लगाया गया है। विभाग की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के मिलावटखोरों में हड़कंप व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story