प्रमुख शासन सचिव ने किया 181 कंट्रोल रूम का निरीक्षण, शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
प्रमुख शासन सचिव ने किया 181 कंट्रोल रूम का निरीक्षण, शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर


जयपुर, 27 मार्च (हि.स.)। राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 के कंट्रोल रूम का शुक्रवार को राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग के प्रमुख शासन सचिव टी. रविकांत ने निरीक्षण कर विभागीय प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि विभाग की नई योजनाओं को संपर्क पोर्टल के सब्जेक्ट में शामिल किया जाए, जबकि पुराने और अनुपयोगी विषयों की समीक्षा कर उन्हें हटाया जाए। साथ ही लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार 23 मार्च 2025 से 27 मार्च 2026 तक राजस्व विभाग से जुड़े कुल 1,90,151 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 1,80,222 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। यह कुल 94.78 प्रतिशत निस्तारण दर दर्शाता है। इन मामलों के समाधान में औसतन 22 दिन का समय लगा, जबकि लगभग 50 प्रतिशत परिवादियों ने समाधान पर संतुष्टि जताई।

निरीक्षण के दौरान रविकांत ने कंट्रोल रूम में मौजूद रहकर परिवादियों से बातचीत की। उन्होंने जयपुर, सवाई माधोपुर, सिरोही, अलवर और भीलवाड़ा के परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधा संवाद कर रहे हैं। राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 के माध्यम से आम नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं और उसका शीघ्र समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story