आईपीएल से पहले एसएमएस स्टेडियम के पिच और तैयारियों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल से पहले एसएमएस स्टेडियम के पिच और तैयारियों का लिया जायजा


जयपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में आगामी आईपीएल मैचों की तैयारियों को लेकर गुरुवार को संयुक्त शासन सचिव (युवा मामले एवं खेल) एवं राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की सचिव नीतू बारूपाल ने क्रिकेट ग्राउंड और पिच का निरीक्षण किया। इस दौरान चीफ पिच क्यूरेटर तापोष चटर्जी ने उन्हें मैदान की तैयारियों का विस्तृत अवलोकन करवाया।

निरीक्षण के दौरान बारूपाल ने मुख्य मैदान, पिच के साथ-साथ नॉर्थ और साउथ ब्लॉक का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जयपुर में आईपीएल के चार मुकाबले खेले जाएंगे, जिनकी शुरुआत 25 अप्रैल से होगी। इसके बाद 1, 9 और 19 मई को भी मैच आयोजित होंगे।

अधिकारियों के अनुसार शनिवार को होने वाले पहले मैच के लिए स्टेडियम पूरी तरह तैयार है। इस बार नई फ्लड लाइट्स भी स्थापित की गई हैं, जिससे मैदान पहले से अधिक रोशनी से जगमगाएगा।

नीतू बारूपाल ने बताया कि मैचों के दौरान दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सभी को बेहतर अनुभव मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story