इनोफेस्ट-2026: जयपुर में जुटेंगे देश-दुनिया के स्टार्टअप एक्सपर्ट

WhatsApp Channel Join Now
इनोफेस्ट-2026: जयपुर में जुटेंगे देश-दुनिया के स्टार्टअप एक्सपर्ट


जयपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। जयपुर में स्टार्टअप और तकनीक का बड़ा आयोजन ‘इनोफेस्ट-2026’ 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में होगा। पोद्दार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के सालाना टेक फेस्ट का आयोजन फेडरेशन ऑफ यूनिकॉर्न इनोवेटिव स्टार्टअप एंड इंडस्ट्रीज (एफयूसीआई) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। दो दिवसीय आयोजन में देश-दुनिया के स्टार्टअप फाउंडर्स, एमएसएमई विशेषज्ञ, यूनिकॉर्न और निवेशक एक मंच पर जुटेंगे।

आयोजन के पोस्टर का विमोचन राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया ने किया। इस दौरान पोद्दार ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आनंद पोद्दार, निदेशक यश पोद्दार सहित अन्य मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार ऑस्ट्रिया, दक्षिण कोरिया और फ्रांस समेत विभिन्न देशों से बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे। चेन्नई, दिल्ली, बेंगलूरु, गुरुग्राम समेत देश के विभिन्न हिस्सों से टेक विशेषज्ञ भी भाग लेंगे।

पोद्दार ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आनंद पोद्दार के अनुुसार 30 सितंबर को लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज और जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एम. साहनी, जबकि 1 अक्टूबर को राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में संबोधित करेंगे। फेस्ट का शुभारंभ नीति आयोग के प्रतिनिधि करेंगे।

फेस्ट में हेल्थ टेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीपफेक, एग्रीफूड टेक और एडटेक जैसे भविष्य से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। कार्यशालाओं और विशेषज्ञ सत्रों में स्टार्टअप से जुड़े व्यावहारिक मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। जोहो के फाउंडिंग मेंबर राजेंद्रन दंडपाणि, पॉलिसीबाजार के राजीव गुप्ता, भारत सरकार के ऑफिस ऑफ प्रिंसिपल साइंटिफिक एडवाइजर के प्रतिनिधि, यूनिकॉर्न फाउंडर्स, एंजेल इन्वेस्टर्स और इंटर्नशिप उपलब्ध कराने वाली कंपनियों के सीईओ भी शामिल होंगे।

एग्जिबिशन में देशभर के 100 से अधिक स्टार्टअप अपने नवाचार और उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। इनमें विभिन्न राज्यों के स्टेट मिशन के तहत चयनित 60 से अधिक स्टार्टअप भी शामिल हैं। युवा इनोवेटर्स को अपने उत्पाद और आइडिया सीधे निवेशकों और उद्योग जगत के विशेषज्ञों के सामने रखने का अवसर मिलेगा।

आयोजन में ‘इकोफेस्ट’ के जरिए नए स्टार्टअप्स को फंडिंग का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार दमदार आइडिया वाले स्टार्टअप के लिए मौके पर ही निवेश का रास्ता खुल सकता है। इसके अलावा एमएसएमई क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाली कंपनियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story