अभिनव प्रयोग से यातायात के लिए टोंक रोड बनेगा सुगम पथ

WhatsApp Channel Join Now
अभिनव प्रयोग से यातायात के लिए टोंक रोड बनेगा सुगम पथ


जयपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। टोंक रोड को यातायात के लिए सुगम बनाने की दिशा में पुलिस, जेडीए और नगर निगम संयुक्त रूप से पहल करने जा रहे हैं। आमजन को जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस इस मार्ग पर कई अभिनव प्रयोग शुरू करेगी, जिन्हें सफल होने पर स्थायी रूप से लागू किया जाएगा। हालांकि, इन प्रयोगों की समय-सीमा फिलहाल तय नहीं की गई है।

यातायात पुलिस के अनुसार, प्रयोग के तौर पर इस मार्ग के पांच रोड कट बंद कर यातायात को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। साथ ही, मार्ग पर लगे पांच ट्रैफिक सिग्नलों को हटाने की योजना है, जिनका संचालन में सीमित उपयोग हो रहा है। इन कदमों से जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। पैदल यात्रियों के लिए भी अलग व्यवस्था की जाएगी, जिसमें अस्पताल, स्कूल और बड़ी कॉलोनियों के पास विशेष ध्यान रखा जाएगा।

जेडीए को कुछ स्थानों पर फुटओवर ब्रिज बनाने सहित अन्य व्यवस्थाएं करने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा, जेडीए द्वारा डिवाइडर, रेलिंग और फुटपाथ की मरम्मत के साथ रंगरोगन किया जाएगा तथा मार्ग पर हरियाली बढ़ाने के प्रयास भी किए जाएंगे।

नगर निगम इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए कार्रवाई करेगा। फुटपाथ और सड़क पर लगे थड़ी-ठेले हटाने के लिए सख्ती बरती जाएगी। वहीं, यातायात पुलिस आमजन में ट्रैफिक सेंस विकसित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगी। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो शहर के विभिन्न पार्कों में भी कार्यक्रम आयोजित करेगी। यादगार से सांगानेर सर्किल तक करीब 10 किलोमीटर लंबे मार्ग पर इन प्रयोगों के तहत 20 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, जिनमें एसआई से लेकर कांस्टेबल स्तर तक के जवान शामिल होंगे।

स्कूलों के सामने लाल रंग के जेब्रा क्रॉसिंग बनाए जाएंगे और संकेतक लगाए जाएंगे, ताकि विद्यार्थी सुरक्षित रूप से सड़क पार कर सकें। अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के पास भी ऐसी व्यवस्था की जाएगी। गट्टे वाली पुलिया के नीचे डबल लाइन यू-टर्न बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। यदि यह योजना लागू होती है, तो गांधी नगर रेलवे स्टेशन और टोंक रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है।

शहर में यातायात पुलिस के 3000 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में करीब 1400 पुलिसकर्मी ही तैनात हैं। ऐसे में बल बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस एनसीसी और स्काउट-गाइड के सहयोग से भी यातायात संचालन और जागरूकता अभियान चलाएगी। सांगानेरी गेट पर जाम से निजात दिलाने के लिए सर्किल बनाने की योजना भी तैयार की गई है, जिसे जेडीए के सहयोग से जल्द लागू किया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) हेमंत जाखड़ ने बताया कि टोंक रोड को सुगम पथ बनाने के लिए कई प्रयोग किए जा रहे हैं। आमजन को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से कट बंद करने, ट्रैफिक सिग्नल हटाने और यू-टर्न विकसित करने जैसे कदम उठाए जाएंगे, साथ ही ट्रैफिक सेंस बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story